
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर । 136 सरायरंजन से तीन प्रत्याशियों ने लिया नाम वापस लेने के बाद जिले के दस विधानसभा में कुल 108 उम्मीदवारअब प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में हैं। जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी रौशन कुशवाहा ने नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में संवाददाताओं को उक्त जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सभी योग्य अभ्यर्थियों को चुनाव चिह्न (सिंबल) आवंटित करने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करने के लिए समस्तीपुर जिला प्रशासन पूरी तरह से तैयार है और इसकेलिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
उन्होंने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में उत्साहपूर्वक भाग लेने और निर्भय होकर मतदान करने की अपील की।
बताते चलें कि बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई।
डीएम रोशन कुशवाहा ने मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए बताया कि समस्तीपुर जिले के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों में नामांकन और नाम वापसी की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। उन्होंने विधान सभावार अंतिम रूप से मैदान में बचे प्रत्याशियों की जानकारी दी।
जिसके अनुसार 131-कल्याणपुर विधानसभा से कुल 12 नामांकन हुए थे, जिसमें से 4 नॉमिनेशन रद्द किए जाने के बाद 8 अभ्यर्थी मैदान में हैं। 132-वारिसनगर विधानसभा से कुल 16 नामांकन हुए थे, जिसमें से 3 नॉमिनेशन रद्द किए जाने के बाद 13 अभ्यर्थी मैदान में हैं।
133-समस्तीपुर विधानसभा से कुल 16 नामांकन हुए थे, जिसमें से 4 नॉमिनेशन रद्द किए जाने के बाद 12 अभ्यर्थी मैदान में हैं। 134-उजियारपुर विधानसभा से कुल 17 नामांकन हुए थे, जिसमें से 2 नॉमिनेशन रद्द किए जाने के बाद 15 अभ्यर्थी मैदान में हैं।
135-मोरवा विधानसभा से कुल 11 नामांकन हुए थे, जिसमें से 2 नॉमिनेशन रद्द किए जाने के बाद 9 अभ्यर्थी मैदान में हैं। 136-सरायरंजन विधानसभा में कुल 13 नॉमिनेशन हुए थे, जिसमें से 2 नॉमिनेशन रद्द किए तथा तीन अभ्यर्थियों अमित कुमार झा (भारतीय संपूर्ण क्रान्तिकारी पार्टी), शंभू प्रसाद सिंह (समता पार्टी) एवं इंद्रजीत कुमार (राष्ट्रीय जन संभावना पार्टी) ने नाम वापस लिए। इस तरह, सरायरंजन विधानसभा में 8 अभ्यर्थी मैदान में हैं।
137-मोहिउद्दीनगर विधानसभा से 14 प्रत्याशियों ने नामांकन पर्चा दाखिल किया था, जिसमें से 2 नॉमिनेशन रद्द किए जाने के बाद 12 अभ्यर्थी मैदान में बचे हैं। 138-विभूतिपुर विधानसभा से 14 नामांकन हुए थे वहां से सभी 14 अभ्यर्थी मैदान में हैं।
139-रोसरा विधानसभा से 8 लोगों ने नामांकन कराया था, जिसमें से 2 नॉमिनेशन रद्द किए जाने के बाद 6 अभ्यर्थी मैदान में हैं। और 140-हसनपुर विधानसभा में कुल 15 नामांकन हुए थे, जिसमें से 4 नामांकन रद्द होने के बाद 11 अभ्यर्थी मैदान में हैं।
इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी विनोद कुमार एवं नोडल पदाधिकारी सह नजारत उपसमाहर्ता रजनीश कुमार राय भी उपस्थित थे।