
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
ओईनी । जगमोहन विद्यापति काॅलेज ऑफ आर्ट एण्ड टेक्नोलॉजी के संस्थापक सदस्य, एवं पंडित जगमोहन झा शिष्य परंपरा के प्रतिनिधि गायक आशुतोष कुमार झा उर्फ केदार झा (55) का रविवार को अकस्मात निधन हो गया। बताया जाता है कि घर के निकट अचानक वे साइकिल से गिर गये थे। जिससे तत्काल उनकी मौत हो गई।


बताते चलें कि पंडित ध्रुपद अंग की ख्याल गायकी के लिए प्रसिद्ध पंडित जगमोहन झा पंचगछिया घराने के पंडित बालाकांत झा के शिष्य थे। जिन्होंने भारतीय संगीत के प्रचार-प्रसार में जीवन समर्पित कर दिया। उनके द्वारा स्थापित करीब आधे दर्जन से अधिक संगीतालय और दर्जनों शिष्य उनकी परंपरा को आगे बढा रहे हैं।


इन्हीं पंडित जगमोहन झा के शिष्य व स्व सहगल और मुकेश की आवाज के धनी थे केदार झा। पूसा प्रखंड के ठहरा गोपालपुर निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक योगेन्द्र झा के पुत्र स्मृतिशेष केदार अपनी पीढी के अद्भुत गायक थे। हर आयु वर्ग में एक बड़ा हिस्सा उनके गायकी का दिवाना था।



उनके निधन की खबर से क्षेत्र में खास कर संगीतज्ञ व संगीत रसिक समाज में शोक की लहर दौड़ गयी। सोमवार को पूरे रीति-रिवाज के साथ ग्रामीणों व उनके प्रशंसकों ने उन्हें ससम्मान अंतिम विदाई दी।



भाजपा जिला संयोजक सहकारिता प्रकोष्ठ संजय कुमार सिंह ने स्व झा के निधन को स्तब्धकारी बताते हुए अपनी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि गुरू जगमोहन झा की गायकी उनकी आवाज में साफ झलकती थी। श्री सिंह ने कहा कि प्रखंड ने स्व झा के रूप में एक सच्चा संगीत सेवी और एक जिन्दादिल इंसान खोया है। वे जब भी किसी से मिलते थे तो गुनगुनाते हुए गले लगा कर मिलते थे। गरीब गुरबों के प्रति उनके हृदय में अद्भुत संवेदना थी।



भाजपा नेता ने कहा कि अभी होली के मौके पर शनिवार को ही हमारे साथ उन्होंने जम कर होली गाते हुए मस्ती की थी। स्व झा के निधन से प्रखंड के संगीत जगत में एक ऐसा शुन्य उत्पन्न हुआ है जिसकी भरपायी नामुमकिन है।


उनके निधन की खबर सुनकर उनके सैकडों चाहने वाले व ग्रामीणों ने उनके आवास पर पहुंच कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित कर अंतिम विदाई दी। उनके परिजनो को सांत्वना भी दिया। मौके पर पुर्व मुखिया प्रतिनिधि जयप्रकाश मिश्र, श्याम झा, अंशु झा, चंदन कुमार झा, अनिल झा, ठहरा मुखिया अमित कुमार राय, डाॅ पंकज शर्मा, उमेश कुमार, रामपुकार महतो, अनिल झा, ध्रुव पाठक, दिनेश राय, राम बाबू दास, संतोष मिश्र, दिनेश कुमार पप्पू आदि मौजूद थे।