
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। जिले में भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण में ‘मकान सूचीकरण कार्य’ हेतु हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन एप्लिकेशन का विधिवत शुभारंभ किया गया। समाहरणालय सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान जनगणना अधिकारी सह जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा ने की।
नीतियों और योजनाओं के निर्माण केलिए महत्वपूर्ण :
इस अवसर पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि, “जनगणना देश की सबसे बड़ी प्रशासनिक प्रक्रिया है। जिसके माध्यम से जनसंख्या, आवास, संसाधनों और सामाजिक-आर्थिक स्थिति से संबंधित व्यापक आंकड़े एकत्र किए जाते हैं। यह आंकड़े सरकार की नीतियों और योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।”
7902 प्रगणक और 1367 पर्यवेक्षक तैनात :
श्री कुशवाहा ने बताया कि, “जिले में इस कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए कुल 8028 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक बनाए गए हैं। प्रत्येक ब्लॉक में प्रशिक्षित प्रगणकों की नियुक्ति की गई है। इस कार्य में कुल 7902 प्रगणक और 1367 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं।”
बढ़ेगी डेटा की शुद्धता और पारदर्शिता :
उन्होंने कहा कि, इस बार जनगणना प्रक्रिया को तकनीकी रूप से अधिक सशक्त बनाया गया है। सभी प्रगणक एचएलओ मोबाइल ऐप के माध्यम से घर-घर जाकर मकानों और परिवारों से संबंधित जानकारी दर्ज करेंगे। इससे डेटा की शुद्धता और पारदर्शिता बढ़ेगी तथा समय की भी बचत होगी।
दिए निर्देश :
तत्पश्चात जिलाधिकारी ने गुब्बारे उड़ा कर हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन के आगाज का उद्घोष किया। कार्यक्रम में अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अशोक कुमार, नगर आयुक्त ज्ञान प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान अधिकारियों ने सभी प्रगणकों को सूक्ष्मता व सटीकता के साथ जिम्मेदारी पूर्वक कार्य करने का निर्देश दिया।