
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर । प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण सह पौधा वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अपने संबोधन में बीके तरुण ने इस वर्ष की थीम बीट प्लास्टिक पॉल्यूशन के बारे में बताते हुए कहा कि
संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम के अनुसार हर दिन दुनिया के महासागरों, नदियों और झीलों में 2000 ट्रकों के बराबर प्लास्टिक फेंका जाता है। इससे संपूर्ण पारिस्थितिकी तंत्र बुरी तरह से प्रभावित होता है।
कई बार हम खाद्य एवं पेय पदार्थों के साथ-साथ प्लास्टिक के सूक्ष्म कणों को भी अपने शरीर में प्रवेश करने का अवसर दे देते हैं। इसलिए हमें अपने वर्तमान एवं भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए सिंगल यूज प्लास्टिक को ना कहना ही होगा।
श्री तरूण ने बताया कि ब्रह्माकुमारीज द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों को देखते हुए संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम ने इसे पर्यवेक्षक का दर्जा दिया है। साथ ही संयुक्त राष्ट्र की पर्यावरण के क्षेत्र में कार्य करने वाली अन्य संस्थाओं यूएनएफसीसी, सीबीडी और यूएनसीसीडी ने भी इसे पर्यवेक्षक का दर्जा प्रदान किया है।
साथ ही भारत सरकार ने भी संस्थान के सोलर एनर्जी एवं वृक्षारोपण से जुड़े प्रोजेक्ट्स की कई मंचों पर भूरि-भूरि प्रशंसा की है। संस्थान ने सरकार के जल जन अभियान में भी अपनी भूमिका निभाई है।
सविता बहन ने मेडिटेशन के द्वारा प्रकृति के पांचों तत्वों को पवित्रता और शांति के प्रकम्पन्न फैलाने की विधि सिखाई एवं अभ्यास कराया। इस अवसर पर उद्योगपति उमाशंकर गुप्ता, प्रमुख व्यवसायी सतीश चांदना, ने पौधे वितरित किये।
कृष्ण भाई ने कार्यक्रम का संचालन किया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को लेकर शपथ दिलाया गया। मौके पर राकेश माटा, गोपाल कृष्ण दुआ, ओम प्रकाश भाई, राजकुमार भाई, वरुण भाई, राकेश भाई, विजय भाई, उमाशंकर भाई, संजीव भाई आदि उपस्थित थे।