
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। युवाओं को रोजगार दिलाने और उद्यमिता को बढ़ावा देने में उद्योग विभाग की प्रमुख भूमिका है। विभाग की मौजूदा योजनाओं को गति देते हुए, उन्हें और सुदृढ़ बनाते हुए राज्य को निवेश, उद्योग और नवाचार का हब बनाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे।
डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने उद्योग विभाग, बिहार सरकार के मंत्री का पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया कर्मियों से बात करते हुए उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि बिहार को भारत का अग्रणी औद्योगिक एवं नवाचार केंद्र बनाने की दिशा में सरकार तेजी से काम करेगी।
साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य के प्रत्येक जिले में उद्योगिक और नवाचार केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जिससे युवाओं को रोजगार, स्टार्टअप्स को प्रोत्साहन और उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा। इससे बिहार को एक आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त राज्य बनाने का मार्ग प्रशस्त होगा।
उद्योग मंत्री ने कहा कि पारदर्शिता, गति और समावेशिता के साथ काम करने को हम संकल्पित हैं, ताकि बिहार आत्मनिर्भर बने और उद्योग तथा नवाचार का सशक्त केंद्र बनकर उभरे। हम निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करेंगे और उद्योग एवं उद्यमिता से जुड़े हर वर्ग को अवसर प्रदान करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में औद्योगिक विकास के नए आयाम स्थापित किए जाएंगे, जिसमें निवेश आकर्षित करने, नीतियों को मजबूत करने और उद्योग आधारित रोजगार सृजन को प्राथमिकता दी जाएगी।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव मिहिर कुमार सिंह, सचिव, उद्योग विभाग बी. कार्तिकेय धनजी, निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता, सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।