
डीएम रोशन कुशवाहा और एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर जिले के सभी 10 विधानसभाओं में तमाम प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। स्वतंत्र, भयमुक्त, पारदर्शी एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने केलिए हम प्रतिबद्धता पूर्वक संकल्पित हैं और तैयार हैं।
मतदान से 48 घंटे पूर्व मंगलवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा एवं पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियों की विस्तार से जानकारी देते हुए उक्त बातें कही।।
इस क्रम में डीएम श्री कुशवाहा ने बताया कि समस्तीपुर जिले में कुल 10 विधानसभा क्षेत्र हैं। जहां 1,762 मतदान केंद्र भवनों में 3,603 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। जहाँ कुल 29,40,776 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 15,68,036 पुरुष, 13,72,711 महिला और 29 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं।
उन्होंने कहा की निर्वाचन के सफल संचालन हेतु 37 जोनल मजिस्ट्रेट, 401 असिस्टेंट जोनल मजिस्ट्रेट, 327 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 15,988 माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं। कुल 3,603 मतदान दल कर्मी एवं समान संख्या में वोलेंटियर-1 व वोलेंटियर-2 भी नियुक्त किए गए हैं।
हर मतदान केंद्र पर सहायक BLO और मतदाता सहायता बूथ की व्यवस्था है। मतदान केंद्रों पर NCC, स्काउट-गाइड तथा स्वयंसेवी संस्थाओं की सहायता भी ली जाएगी। इसके अलावे जिले में 20 महिला संचालित, 10 आदर्श, 10 युवा और 10 पीडब्ल्यूडी अनुकूल मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
मतदान के दिन यानी 6 नवंबर को एक अंतरराष्ट्रीय डेलिगेशन सुबह 8 बजे समस्तीपुर आएगें जो महिला महाविद्यालय (केंद्र संख्या 190) और बी.आर.बी. कॉलेज (केंद्र संख्या 163) पर मतदान प्रक्रिया का निरीक्षण करेगें।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि आज (4 नवम्बर) शाम 5 बजे के बाद प्रचार-प्रसार, रैली या जुलूस पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सभी अभ्यर्थियों के वाहन पास मंगलवार 4 नवंबर तक ही मान्य हैं।
मतदान केंद्र के इर्द गिर्द 100 मीटर के दायरे में मोबाइल, पोस्टर-बैनर, लाउडस्पीकर आदि पर रोक रहेगी। उन्होंने कहा कि जिले में लगभग 60,000 अधिकारी, कर्मचारी, पुलिस बल एवं CAPF के जवान तैनात रहेंगे। सभी वाहनों में GPS ट्रैकिंग और सेक्टर अधिकारियों के मोबाइल में “ELE-Trace” ऐप से निगरानी की जाएगी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी रोशन कुशवाहा ने जिलेवासियों से अपील की कि वे 6 नवम्बर को शांतिपूर्ण, भयमुक्त और जिम्मेदारीपूर्वक मतदान करें, ताकि लोकतंत्र का यह महापर्व सफल बन सके।