
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर । बाबा केवल धाम राजकीय मेला क्षेत्र में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। इसकेलिए पूरे मेला क्षेत्र को सात सेक्टर में बांटा गया है। पूरा मेरा परिसर सीसी कैमरे की जद में रहेगा। जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा ने बुधवार को बाबा केवल राजकीय रामनवमी मेला की सफलता को लेकर आयोजित बैठक में उक्त बातें कहीं।


बाबा केवल स्थान पर्यटक भवन में आयोजित इस बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्री कुशवाहा ने पेय जल, बिजली, यातायात, सुरक्षा बल, वाचिंग टावर, शौचालय, सफाई, बैरिकेडिंग, ड्रौप गेट सहित संपूर्ण मेला क्षेत्र की सुव्यवस्था आदि का विशेष रूप से निर्देश दिया।


मेला समिति अध्यक्ष रामाश्रय सहनी की अध्यक्षता एवं एडीएम अजय कुमार तिवारी के संचालन में आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुए डीडीसी संदीप शेखर प्रियदर्शी एवं एसडीएम दिलीप कुमार ने विभागीय अधिकारियों को सभी कार्य शीघ्र संपादित करने का निर्देश दिया। इस दौरान पूर्व विधायक विद्यासागर सिंह निषाद ने इस बार मेला में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आगमन की संभावना बताई।


साथ ही श्री सहनी ने दरबा पुल से केवल स्थान तक यातायात की सुविधा के लिए बांध के नीचे मनरेगा से सड़क निर्माण की मांग की। जिलाधिकारी ने तत्काल पीओ रंजीत कुमार को उक्त निर्माण का आदेश दिया। वहीं जिलाधिकारी ने डीएसपी पटोरी बीके मेधावी को पर्याप्त महिला एवं पुरुष सुरक्षा बलों की तैनाती एवं मेले के चारों ओर बैरिकेडिंग का निर्देश दिया। जबकि सिविल सर्जन संजय कुमार चैधरी ने मेला क्षेत्र में तीन स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर लगाने की बात बताई।


इस क्रम में जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा ने राजकीय मेला क्षेत्र बाबा केवल स्थान के पूजा स्थल, बलि स्थल, युद्ध स्थल, कमला स्थान का निरीक्षण किया। नून नदी में कमला स्थान तक पीपा पुल बनाने का आदेश दिया। डीएम ने आबकारी विभाग को निर्देश देते हुए शराबबंदी की पूरी निगरानी करने का आदेश दिया। एसडीओ दिलीप कुमार ने सड़क पर दूकान लगाने पर कानूनी कार्रवाई का निर्देश दिया।


अधिवक्ता सदानंद राय ने शिउरा मेला में भी सुव्यवस्था की मांग की। इस पर डीएम ने आश्वाशन दिया। इसके पूर्व पंसस रवीन्द्र कुमार ने पुष्प गुच्छ देकर डीएम को सम्मानित किया। डीएम के प्रस्थान के बाद देर तक बीडीओ अरुण कुमार निराला के साथ बैठक करते हुए मेला का प्लान एवं रूट चार्ट तैयार कराया। साथ ही बीडीओ अरुण कुमार निराला को आवश्यक निर्देश दिया।

बैठक को पूर्व मंत्री बैजनाथ सहनी, डीसीएलआर बलवीर दास, पटोरी एसडीओ विकास कुमार पांडे, डीसीएल प्रियंका कुमारी, एमओ अमरनाथ पाठक, सरायरंजन सीओ निशांत कुमार, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ हरिशंकर प्रसाद, इंस्पेक्टर पवन कुमार, थाना अध्यक्ष राहुल कुमार, सीओ आलोक चंद्र रंजन, मेला समिति सचिव उमेश कुमार सहनी, कोषाध्यक्ष लक्ष्मेश्वर सहनी, रामप्रसाद सहनी, राजू कुमार सहनी, पंसस विष्णु देव सहनी, रवीन्द्र राय, बड़े लाल सहनी, धर्मराज सहनी, जंदाहा प्रमुख राजकुमार सहनी, पूर्व जिला पार्षद अर्जुन सहनी, हरे राम सहनी, जय कुमार आदि ने भी सम्बोधित किया। मौके पर भोला कश्यप,देवू सहनी, धर्मेंद्र कुमार, विनोद सहनी सहित सभी विभागों के पदाधिकारी एवं कार्य पालक अभियंता सहित दर्जनों मेला समिति सदस्य एवं ग्रामीण मौजूद थे।