
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क रोसड़ा । 14 नवंबर को दोपहर 1 बजे तक लालू-राबड़ी परिवार का सुपड़ा साफ हो जाएगा। जनता अब परिवारवाद और भ्रष्टाचार की राजनीति को नकार चुकी है। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान को लेकर बुधवार को समस्तीपुर जिले के रोसड़ा स्थित कर्पूरी स्टेडियम में गृह मंत्री अमित शाह ने विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उक्त बातें कही।
उन्होंने कहा कि महागठबंधन के नेता बिहार को फिर से पीछे ले जाना चाहते हैं, जबकि मोदी सरकार ने गरीबों, किसानों और युवाओं के लिए योजनाएं बनाकर विकास का नया अध्याय लिखा है।
गृह मंत्री शाह ने कहा कि बिहार में अब जनता ठान चुकी है कि राज्य को फिर से जंगलराज की ओर लौटने नहीं देना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है, और बिहार को भी उसी रफ्तार से आगे बढ़ाने के लिए एनडीए की सरकार बनाना जरूरी है। मंच से उन्होंने महागठबंधन पर तीखा हमला बोला और एनडीए प्रत्याशियों को भारी बहुमत से विजयी बनाने की अपील की।
इसके पुर्व जोरदार नारों के बीच मखाना के माला, पाग, चादर आदि से अभिनंदन के बाद विधान पार्षद डाॅ तरूण कुमार ने गदा प्रदान कर उनका स्वागत किया।
श्री शाह ने अपने संबोधन में कहा कि एनडीए सरकार ने बिहार में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए हैं। समस्तीपुर जिले की 10 विधानसभा सीटों का जिक्र करते हुए कहा कि “एनडीए के हर प्रत्याशी को जनता का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है।
इस बार बिहार में मोदी और नीतीश कुमार की जोड़ी फिर से सरकार बनाएगी। आने वाला बिहार विकसित, आत्मनिर्भर और सुरक्षित होगा।
मंच से लगातार ष्मोदी-शाह जिंदाबाद और एनडीए विजयी हो के नारे गूंजते रहे। क्षेत्र के विभिन्न गांवों से लोग बसों, ट्रैक्टरों और मोटरसाइकिलों से जनसभा स्थल तक पहुंचे।
अंत में अमित शाह ने कहा कि बिहार की जनता समझ चुकी है कि महागठबंधन केवल सत्ता के लिए बना है, जबकि एनडीए बिहार के विकास और जनता के सम्मान की राजनीति करता है।
उन्होंने जनता से अपील की 06 नवंबर को एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में बटन दबाकर बिहार में विकास की सरकार बनाइए और लालू राज की वापसी को हमेशा के लिए रोक दीजिए।
मौके पर भाजपा उत्तरी जिलाध्यक्ष नीलम सहनी, जिलाध्यक्ष दक्षिणी शशीधर झा, जिला मंत्री सुनील कुमार गुप्ता, भाजपा प्रत्याशी विरेन्द्र पासवान, पुर्व जिलाध्यक्ष रामसुमिरन सिंह सहित सभी एनडीए प्रत्याशी व घटक दलों के जिलाध्यक्ष व पदाधिकारी मौजूद थे।