
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 डेस्क समस्तीपुर। आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी सक्रियता और सख्ती बढ़ा दी है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा के निर्देशानुसार जिले में एमसीएमसी (मीडिया सर्टिफिकेशन एण्ड माॅनिटरिंग कमिटी) कोषांग पूरी तत्परता से कार्यरत है।
उक्त जानकारी देते हुए मीडिया कोषांग में नोडल पदाधिकारी-सह-नजारत उप समाहर्ता रजनीश कुमार राय ने बताया कि कोषांग में प्रतिनियुक्त कर्मियों द्वारा इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म् पर प्रकाशित होने वाली खबरों पर सतत निगरानी रखी जा रही है।
इसका उद्देश्य भ्रामक सूचनाओं, पेड न्यूज और अपुष्ट दावों को तत्काल चिन्हित कर उन पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
बताते चलें कि रविवार को जिला सूचना जनसंपर्क कार्यालय में संचालित मीडिया कोषांग में नोडल पदाधिकारी-सह-नजारत उप समाहर्ता रजनीश कुमार राय ने समीक्षा बैठक की।
इस दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि “चुनाव को निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने में मीडिया कोषांग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। हर कर्मी को चाहिए कि वह प्रसारित हो रही हर खबर, पोस्ट और वीडियो पर पैनी नजर बनाए रखे, ताकि किसी भी भ्रामक या पेड समाचार पर तत्काल रोक लगाई जा सके।
उन्होंने यह भी बताया कि जिले के सभी दसों विधानसभा क्षेत्रों में अभ्यर्थियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जा चुके हैं, जिसके बाद प्रचार-प्रसार शुरू हो चुका है। ऐसे में किसी भी स्तर पर गलत या अप्रमाणित सूचना प्रसारित होने पर तत्काल रिपोर्ट कर कार्रवाई की जाएगी।
इस प्रक्रिया में सीडीपीओ (बाल विकास परियोजना पदाधिकारी) सहित मीडिया समन्वयक सुभीत कुमार सिंह, मंगलेश कुमार, रोहित कुमार, अनुराग कुमार, रामबालक राय सहित कई अन्य अधिकारी व प्रतिनियुक्ति कर्मी मौजूद थे।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने मीडिया प्रबंधन और प्रमाणन प्रक्रिया की बारीकियों की समीक्षा की तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सभी प्रकाशन और प्रसारण आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप हों।