
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 विद्यापतिनगर। लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा की सहायक बाया नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह एलर्ट मोड में है। इसी क्रम में अंचल अधिकारी कुमार हर्ष एवं राजस्व अधिकारी अरुण कुमार शर्मा ने नदी के अखाड़ा घाट, कष्टहरनी घाट, शेरपुर घाट, बाजिदपुर पुल घाट सहित विभिन्न घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर जलस्तर की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने संभावित खतरे वाले स्थानों का निरीक्षण करते हुए संबंधित कर्मियों को सतर्क रहने तथा लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया।
बरतें विशेष सतर्कता :
साथ ही नदी किनारे एवं नदी के अंदर रहने वाले लोगों से सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है, इसलिए लोग अनावश्यक रूप से नदी के किनारे न जाएं तथा स्नान, मछली पकड़ने और नाव से आवागमन के दौरान विशेष सतर्कता बरतें। अभिभावकों से बच्चों को नदी के आसपास नहीं जाने देने की भी अपील की गई।
नियमित निगरानी का निर्देश :
अंचल अधिकारी ने बताया कि प्रशासन की ओर से नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। यदि जलस्तर और बढ़ता है तो आवश्यकतानुसार राहत एवं बचाव की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाएगी। राजस्व अधिकारियों को भी तटबंधों एवं संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया गया है।
अधिकारियों ने दिलाया भरोसा :
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने भी नदी के बढ़ते जलस्तर की जानकारी अधिकारियों को दी। अधिकारियों ने लोगों को भरोसा दिलाया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। प्रशासन ने आम नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी आपात स्थिति या खतरे की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन को देने की अपील की। ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।