
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। जिले के युवा फिल्म निर्माता आदित्य झा को सरस सलिल भोजपुरी सिने अवार्ड्स 2026 में प्रतिष्ठित ‘भोजपुरी सिने भूषण सम्मान’ से नवाजा गया। यह सम्मान उन्हें भोजपुरी सिनेमा में उनके महत्वपूर्ण योगदान और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों के लिए प्रदान किया गया। उनके इस सम्मान से न केवल समस्तीपुर बल्कि पूरे बिहार में खुशी की लहर है।
रचनात्मक सोच और संवेदनशील दृष्टिकोण ने दिलाई पहचान :
आदित्य झा ने भोजपुरी फिल्म उद्योग में कई सार्थक फिल्मों का निर्माण किया है, जिनमें “सॉरी यार”, “इत्ती सी खुशी”, “अवैध”, “अवैध 2”, “संकल्प” और “ठाकुरगंज” जैसी फिल्में शामिल हैं। उनकी फिल्मों में सामाजिक मुद्दों, भावनात्मक संवेदनाओं और यथार्थ को प्रमुखता दी जाती है। जो दर्शकों के बीच खासी पसंद की जाती हैं। उनकी रचनात्मक सोच और समाज के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण ने श्री झा को अलग पहचान दिलाई है।
समाज सेवा और युवाओं के मार्गदर्शन को बनाया उद्देश्य :
खानपुर थाना अंतर्गत श्रीपुर गाहर वार्ड 06 में 3 फरवरी 1982 को जन्मे श्री झा ने स्थानीय स्तर पर प्रारंभिक शिक्षा ग्रहण कर सी.एम. कॉलेज दरभंगा से बी.कॉम की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद चार्टर्ड अकाउंटेंसी, कॉस्ट एंड वर्क्स अकाउंटेंसी और कंपनी सेक्रेटरी जैसे प्रतिष्ठित कोर्स पूरे किए। वर्ष 2011 में एम.कॉम की डिग्री प्राप्त की। पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट होने के बावजूद आदित्य झा ने समाज सेवा और युवाओं के मार्गदर्शन को अपना उद्देश्य बनाया।
फिल्म निर्माता सह समाजसेवी के रूप में प्रतिष्ठित :
वे दरभंगा, पटना, नोएडा और दिल्ली में अपनी शाखाओं के माध्यम से वित्तीय परामर्श और प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं। हजारों युवाओं को अकाउंटिंग, टैक्सेशन और कॉर्पोरेट क्षेत्र की प्रैक्टिकल ट्रेनिंग देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का काम कर रहे हैं। आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को सहयोग और स्किल डेवलपमेंट के क्षेत्र में उनका योगदान उन्हें एक सफल फिल्म निर्माता के साथ-साथ समाजसेवी के रूप में भी स्थापित करता है।