
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। विकसित एवं मजबूत समाज निर्माण की राह में नशा सबसे बड़ा अवरोध है। यह पहले व्यक्ति को फिर उसके परिवार को और धीरे धीरे पूरे समाज को खोखला और बीमार कर देता है। देश का भविष्य युवा कंधों पर है। इसलिए युवाओं को जागरूक करना आवश्यक है ताकि मजबूत और स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सके।
अधीक्षक, मद्य निषेध मनोज कुमार सिंह ने बुधवार को नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर समाहरणालय परिसर से प्रभात फेरी को रवाना करते हुए उक्त बातें कही। उन्होंने छात्रों के उत्साह की सराहना करते हुए इसे सामाजिक बदलाव की सकारात्मक शुरुआत बताया।
बताते चलें कि नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर समस्तीपुर प्रखंड के विभिन्न मध्य एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के लगभग 1200 से अधिक छात्र-छात्राओं द्वारा भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी को अधीक्षक, मद्य निषेध मनोज कुमार सिंह तथा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, सर्व शिक्षा अभियान जमालुद्दीन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह प्रभात फेरी समाहरणालय परिसर से शुरू होकर बस स्टैंड, ताजपुर रोड, आर.एस.बी. इंटर स्कूल के रास्ते से काशीपुर होते हुए पटेल मैदान में जाकर संपन्न हुई। बच्चों की लंबी कतारों और जोशीले नारों ने पूरे मार्ग को नशा-मुक्ति के संदेश से गुंजायमान कर दिया।
इस कार्यक्रम के सफल संचालन में सहायक पंकज कुमार सिन्हा, शिक्षक सुभीत कुमार सिंह, मंगलेश कुमार, ऋतुराज जायसवाल, विकास विशाल, प्रधानाध्यापक विजय कुमार, ललित कुमार घोष एवं अशोक कुमार साह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
प्रभात फेरी में बच्चों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों तथा खिलाड़ियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रभात फेरी के दौरान बच्चों ने ऊर्जा और उत्साह के साथ नारे लगाते हुए लोगों को नशा छोड़ने और इसके दुष्परिणामों से बचने के लिए प्रेरित किया।