
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। बिहार राज्य डेटा इंट्री ऑपरेटर संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर रविवार को समस्तीपुर में डेटा इंट्री ऑपरेटरों, प्रोग्रामरों, स्टेनोग्राफरों और आईटी ब्वॉय/गर्ल कर्मियों ने रोड मार्च निकाला। सुबह 11 बजे राजपत्रित कर्मचारी महासंघ भवन से शुरू हुआ मार्च पुरानी बस स्टैंड स्थित चिह्नित धरना स्थल तक पहुंचा। इस मार्च में विभिन्न विभागों और कार्यालयों में कार्यरत बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष कर्मियों ने भाग लिया। इस दौरान कर्मियों ने राज्य सरकार से नियमितीकरण, सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग को नोडल विभाग घोषित करने की मांग की।
वर्तमान स्थिति :
संयुक्त मोर्चा का दावा है कि राज्यभर में बेल्ट्रॉन के माध्यम से विभिन्न कोटि के करीब 20 हजार कर्मी कार्यरत हैं। इनमें कई कर्मी पिछले 29 वर्षों से लगातार अपनी सेवा दे रहे हैं।
मोर्चा के जिला अध्यक्ष अनुराग नंदन और सचिव सुमन सौरम ने कहा कि वर्ष 1997 से कार्यरत कई कर्मी बिना किसी सेवांत लाभ के सेवानिवृत्त हो चुके हैं। इसके बावजूद वर्तमान में कार्यरत कर्मियों को स्थायी प्रकृति के कार्यों और ऑनलाइन सेवाओं की जिम्मेदारी दी जा रही है।
शीघ्र नीतिगत निर्णय लेने का आग्रह :
उन्होंने कहा कि इतने लंबे समय तक सेवा देने के बाद भी कर्मियों को मूलभूत सुविधाओं और सेवा सुरक्षा का लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने राज्य सरकार से कर्मियों के लिए सेवा शर्त एवं नियमावली बनाने, सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा बेल्ट्रॉन कर्मियों के पद सृजित कर उन्हें यथाशीघ्र राज्यकर्मी का दर्जा देने की मांग की। साथ ही सर्वोच्च न्यायालय के आलोक में इस मामले पर शीघ्र नीतिगत निर्णय लेने और लिखित आदेश जारी करने का आग्रह किया।