
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। समस्तीपुर में आगामी 1 से 6 नवंबर तक राज्य स्तरीय अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें बिहार के नौ प्रमंडलों की टीमों और एकलव्य टीम सहित कुल 10 टीमों के भाग लेने की संभावना है। प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में संबंधित पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें खिलाड़ियों के आवासन, चिकित्सा, सुरक्षा, पेयजल और खेल मैदान की व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में डीएम ने आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करने और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा। उन्होंने खेल मैदान की उपयुक्तता, साफ-सफाई, खिलाड़ियों के लिए आवश्यक सुविधाओं और दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की समीक्षा की।
चिकित्सा सुविधा :
विभिन्न प्रमंडलों से आने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और दल प्रभारियों के ठहरने, पेयजल एवं स्वच्छता की समुचित व्यवस्था करने पर जोर दिया गया। वहीं, प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को चोट लगने या किसी आपात स्थिति में तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
सफाई, पेयजल सहित सुविधाओं की व्यवस्था :
प्रतियोगिता के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने तथा आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। नगर निकाय को साफ-सफाई, कचरा निष्पादन और पेयजल सहित अन्य नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया।
जिम्मेदारियों का ससमय करें निर्वहन :
डीएम ने मैचों के सुव्यवस्थित संचालन, टीमों के आगमन एवं प्रस्थान और आयोजन से संबंधित सूचनाओं के समयबद्ध प्रसार की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता जिले के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का समय पर निर्वहन करें, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलें और प्रतियोगिता का आयोजन सुचारु रूप से हो सके।
उपस्थिति :
बैठक में सिविल सर्जन, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), जिला खेल पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी और उपनगर आयुक्त सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।