
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 पूसा। आगामी 05 अगस्त 2026 तक उत्तर बिहार के कुछ जिलों के कुछ इलाकों को छोड़ कर अधिकांश क्षेत्रों में अच्छी वर्षा की संभावना कम है। हालांकि, 02 से 04 अगस्त के बीच कुछ स्थानों पर मेघगर्जन, वज्रपात एवं तेज हवा चलने की संभावना है।
अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा :
डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र एवं भारत मौसम विज्ञान विभाग के संयुक्त सहयोग से जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार इस अवधि में वैशाली, मधुबनी, गोपालगंज, दरभंगा, सिवान तथा पूर्वी एवं पश्चिमी चंपारण जिलों के कुछ इलाकों में मध्यम से भारी वर्षा हो सकती है। वहीं अन्य स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना बनी हुई है।
तापमान :
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार वर्षा के समय आसमान में मध्यम से घने बादल छाए रहेंगे, जबकि अन्य समय हल्के बादल देखे जा सकते हैं। पूर्वानुमान अवधि के दौरान अधिकतम तापमान 31 से 35 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
आर्द्रता, हवा की रफ्तार और दिशा :
आर्द्रता के स्तर की बात करें तो सुबह के समय सापेक्षिक आर्द्रता लगभग 80 प्रतिशत और दोपहर में 40 से 48 प्रतिशत के बीच रहने का अनुमान है। वहीं, इस अवधि में 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से मुख्यतः पूर्वी एवं दक्षिण-पूर्वी दिशा से हवा चलने की संभावना जताई गई है।
सुझाव :
मौसम वैज्ञानिकों ने किसानों और आम लोगों को सलाह दी है कि मेघगर्जन और वज्रपात के दौरान सतर्क रहें तथा खुले स्थानों पर जाने से
बचें।