
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। “दुनिया की सबसे बड़ी युवा आबादी वाला देश है भारत। इसलिए देश का भविष्य युवा शक्ति पर निर्भर है और वे नशामुक्त युवा ही विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इसलिए नशे को ना कहें। नशा कोई भी हो, हर हाल में त्याज्य है।”
युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें नशामुक्त, स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने हेतु आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि 12 बिहार एनसीसी बटालियन के लेफ्टिनेंट कर्नल साहिल कोचर ने उक्त बातें कही।
आह्वान :
अपने संबोधन में उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अनुशासित, स्वस्थ एवं राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित जीवन अपनाने का आह्वान किया। इस दौरान अन्य वक्ताओं ने भी युवाओं से नशे के विरुद्ध जन जागरूकता फैलाने तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनने का आह्वान किया।
जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन :
बताते चलें कि, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत समस्तीपुर के तत्वावधान में गुरुवार को महिला कॉलेज, समस्तीपुर में “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” विषय पर एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
विविध गतिविधियों का आयोजन :
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक एवं जागरूकता आधारित विविध गतिविधियों का आयोजन भी किया गया। जिनमें नुक्कड़ नाटक, वाद-विवाद प्रतियोगिता, संगीत प्रस्तुति, स्लोगन लेखन तथा स्लैम पोएट्री प्रमुख रहे। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से युवाओं ने नशे के दुष्प्रभावों, स्वस्थ जीवनशैली के महत्व तथा विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
दिलाई शपथ :
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा उन्हें नशामुक्त, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनकर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय एवं सार्थक योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।
उपस्थिति :
इस अवसर पर सहायक निदेशक-सह-जिला युवा पदाधिकारी विजेता मजूमदार, एडीएमओ अनुष्का श्रीवास्तव, एडीडीइ सोनाली, प्राचार्य, महिला कॉलेज, प्रो. (डॉ.) राजेश कुमार रंजन, तथा राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. रिंकी कुमारी के अलावा महाविद्यालय के प्राध्यापक, एनएसएस के स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट्स, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।