
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। “सतर्कता ही सर्वोच्च सुरक्षा है एवं सुरक्षित रेल परिचालन के प्रति समर्पित ऐसे कर्मियों पर भारतीय रेल को गर्व है।” पिछले दिनों रेलवे ट्रैक पर लेटी महिला की जान बचाने वाले 2 लोकों पायलटों को सम्मानित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने उक्त बातें कही।
किया प्रोत्साहित :
इस दौरान उन्होंने कहा कि, दोनों चालकों के इस सूझबूझ एवं सजगता के कारण एक अमूल्य जीवन की रक्षा संभव हो सकी। बताते चलें कि, मंगलवार को श्री मिश्रा ने दोनों पायलटों को सराहना पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया।
महिला को सुरक्षित किया था ग्रामीणों के हवाले :
गौरतलब है कि, पिछले दिनों गाड़ी संख्या 12562 में कार्यरत लोको पायलट शिवराज एवं वरिष्ठ सहायक लोको पायलट ब्रजेश कुमार ने मुक्तापुर–किशनपुर रेलखंड में ट्रैक पर बैठी एक महिला को देखकर अपनी अद्भुत सतर्कता एवं त्वरित निर्णय क्षमता का परिचय देते हुए तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। इसके उपरांत महिला को सुरक्षित ट्रैक से हटाकर ग्रामीणों को सुपुर्द किया था।
जम कर की तारीफ :
इस उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य के लिए मंडल रेल प्रबंधक, समस्तीपुर ज्योति प्रकाश मिश्रा ने दोनों कर्मचारियों की जमकर तारीफ करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
उपस्थिति :
मौके पर वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (ओपी) संजय कुमार, एवं सहायक विद्युत अभियंता (ओपी) अशफाक अहमद भी उपस्थित थे।