
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। 79 वर्षों के सफर ने यह मान्यता स्थापित किया है कि, यह महाविद्यालय सिर्फ शिक्षण संस्थान नहीं बल्कि सर्वांगीण एवं गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा की परंपरा है। इस महाविद्यालय का इतिहास गौरवशाली रहा है। इस इतिहास को अक्षुण्ण बनाए रखने के साथ-साथ छात्र-छात्राओं के उन्नत जीवन व उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करना हमारा प्रथम उद्देश्य है।
प्राचार्य ने कहा :
शहर के जितवारपुर स्थित समस्तीपुर कॉलेज के 79 वें स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह में अतिथियों का स्वागत करते हुए महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. शशि भूषण कुमार शशि ने उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि इसके लिए हम शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ अन्य गतिविधियों का आयोजन करते रहते हैं। जिससे अच्छे व कुशल नागरिक देश को मिल सके।
स्वागत व उद्घाटन :
बताते चलें कि, जिले का गौरव, जिले में उच्च शिक्षा के परम्परा की मिसाल समस्तीपुर कॉलेज आज 79 वर्ष का हो गया। इसके 79 वें स्थापना दिवस के अवसर पर महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. शशि भूषण कुमार शशि की अध्यक्षता में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सबसे पहले मुख्य अतिथि पूर्व प्रधानाचार्य, समस्तीपुर कॉलेज, समस्तीपुर डॉ मीना प्रसाद, ने फीता काट कर समारोह का उद्घाटन किया गया। तत्पश्चात प्राचार्य व आगत अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना एवं कुलगीत के साथ समारोह की शुरुआत की गई।
वार्षिक प्रतिवेदन- 2026 का विमोचन :
इसी क्रम में मिथिला परंपरानुसार पुष्पमाला, पाग, चादर और स्मृति-चिन्ह से तमाम आगत अतिथियों को सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान अतिथियों, प्रधानाचार्य एवं वरीय शिक्षकों ने संयुक्त रूप से महाविद्यालय के वार्षिक प्रतिवेदन- 2026 का विमोचन किया।
अतिथियों ने कहा :
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि महाविद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. प्रसाद ने कहा कि, समस्तीपुर कॉलेज समस्तीपुर की स्थापना में अनेक विभूतियों का योगदान रहा है। उन विभूतियों में रघुनंदन सिंह भी शामिल थे।
महाविद्यालय स्थापना के उद्देश्य को पूर्ण करने के साथ साथ महाविद्यालय द्वारा स्थापित मानकों व परम्पराओं को अक्षुण्ण बनाए रखना हमारा कर्तव्य है। इसके लिए छात्र-छात्राएं समर्पित भाव से अध्ययन करें ताकि हमारा गौरवमय इतिहास सुरक्षित रहे। इस दौरान बलिराम भगत महाविद्यालय, समस्तीपुर के प्रधानाचार्य डॉ जगदीश प्रसाद वैश्यंत्री, डॉ एल.के.वी.डी. कॉलेज, ताजपुर, के प्रधानाचार्य प्रोफेसर धर्मराज राम ने भी संबोधित किया।
संयोजन, संचालन व धन्यवाद ज्ञापन :
इस अवसर पर विगत तीन दिनों आयोजित 10 प्रतियोगिताओं के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को प्रशस्ति-पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। समारोह का संयोजन डॉ रीता चौहान ने किया। वहीं मंच संचालन डॉ रोहित प्रकाश एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ महेश कुमार चौधरी ने किया।
उपस्थिति :
मौके पर डॉ. राहुल मनहर, डॉ. दयानंद मेहता, डॉ खुर्शीद अहमद खान, डॉ. अनिल कुमार सिंह, डॉ. शालिनी कुमारी भावसिंका, डॉ. प्रतिभा कुमारी, डॉ. प्रिया दुबे, डॉ. संजय कुमार, डॉ. अखिल वर्मा, डॉ. कुणाल, डॉ. दिनेश्वर राय, डॉ. अशोक कुमार, योगेन्द्र राय समेत महाविद्यालय परिवार उपस्थित था।