
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। जिले के कल्याणपुर प्रखंड स्थित ऐतिहासिक रामेश्वर जूट मिल में आगामी 1 अगस्त से उत्पादन कार्य शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। लंबे समय से बंद पड़े इस जूट मिल को पुनः चालू करने की दिशा में मिल प्रबंधन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
मशीनों की मरम्मत एवं परीक्षण का कार्य शुरू :
इस क्रम में मिल परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद साफ-सफाई अभियान चलाया गया तथा वर्षों से बंद पड़ी मशीनों की मरम्मत एवं परीक्षण का कार्य भी शुरू कर दिया गया। इस बाबत मिली जानकारी के अनुसार, उत्पादन प्रारंभ करने के लिए मशीनों की साफ-सफाई और तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि संचालन के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
समस्या :
हालांकि उत्पादन शुरू होने में सबसे बड़ी चुनौती कच्चे जूट की उपलब्धता बनी हुई है। पिछले कई महीनों से मिल बंद रहने के कारण किसानों के पास पिछले वर्ष का जूट समाप्त हो चुका है, जबकि इस वर्ष की फसल अभी खेतों में खड़ी है। ऐसे में पर्याप्त मात्रा में कच्चा जूट उपलब्ध होने के बाद ही उत्पादन पूरी क्षमता से शुरू हो सकेगा इसमें संदेह है।
नई फसल के बाद मिल में उत्पादन होगा शुरू :
हालांकि, मिल के उप प्रबंधक अशोक जैन ने बताया कि, “पूर्णिया एवं कोलकाता से आवश्यक सामग्री और तकनीकी व्यवस्था पूरी होने के बाद उत्पादन कार्य प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में किसानों के पास पर्याप्त मात्रा में जूट उपलब्ध नहीं है, जिससे उत्पादन प्रभावित हो सकता है। मगर जैसे ही नई फसल बाजार में आएगी, मिल में उत्पादन शुरू कर दिया जाएगा।”
क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को मिलेगी नई गति :
रामेश्वर जूट मिल के पुनः चालू होने की खबर से क्षेत्र के किसानों, मजदूरों एवं स्थानीय व्यवसायियों में उत्साह का माहौल है। लोगों का मानना है कि मिल के संचालन से जहां जूट उत्पादक किसानों को अपनी उपज का बेहतर बाजार मिलेगा, वहीं सैकड़ों लोगों को रोजगार भी उपलब्ध होगा और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।