निरीक्षण करते पदाधिकारी।ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 मुंगेर। “दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय का एक महत्वपूर्ण एवं गौरवपूर्ण आयोजन है। इसे सफल, गरिमामय एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी संबंधित समितियों एवं अधिकारियों को समन्वित रूप से कार्य करना होगा।”
दिए निर्देश :
दीक्षांत समारोह को लेकर तैयारियों के क्रम में प्रेक्षा गृह निरीक्षण के दौरान कुलपति प्रो. (डॉ.) संजय कुमार ने उक्त बातें कही। इस दौरान उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया।
चौथी बार निरीक्षण :
बताते चलें कि, बुधवार को मुंगेर विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह की तैयारियों के मद्देनज़र कुलपति के नेतृत्व में कुलसचिव डॉ घनश्याम राय, एवं दीक्षांत समारोह आयोजन समिति के सदस्यों ने समारोह स्थल मुंगेर प्रेक्षागृह का चौथी बार निरीक्षण किया।
ससमय तैयारी करें पूर्ण :
निरीक्षण के दौरान समारोह स्थल पर मंच व्यवस्था, अतिथि बैठने की व्यवस्था, छात्र-छात्राओं के लिए निर्धारित स्थान, प्रवेश एवं निकास मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत एवं ध्वनि प्रणाली तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का अवलोकन किया गया। आयोजन समिति के सदस्यों ने स्थल पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार एवं तैयारियों को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सुविधा हेतु सुझाव :
भ्रमण के दौरान आयोजन समिति के सदस्यों ने विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अपने सुझाव भी दिये। ताकि समारोह में भाग लेने वाले अतिथियों, पदक प्राप्तकर्ताओं एवं छात्र-छात्राओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।