
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। पंचायती राज व्यवस्था के सबसे बड़े महोत्सव ‘पंचायत आम निर्वाचन-2026’ को लेकर समस्तीपुर जिले में सरगर्मी शुरू हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में ग्राम पंचायत सदस्य, पंच, मुखिया, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य पदों के लिए गठित प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों की अंतिम सूची प्रकाशित कर दी गई है। इसके साथ ही पंचायत चुनाव की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई।
गज़ट 23 जून को :
23 जून को जिला गजट का प्रकाशन सुनिश्चित है। इसके साथ चुनावी गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। इसके बाद मतदाता सूची के अद्यतन, मतदान केंद्रों के निर्धारण और चुनावी कार्यक्रमों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
आयोग के अनुमोदन के बाद अंतिम सूची प्रकाशित :
इस बाबत जानकारी देते हुए, जिला पंचायती राज पदाधिकारी विष्णु देव मंडल ने बताया कि, “निर्वाचन क्षेत्रों का गठन वर्ष 2011 की जनसंख्या के आधार पर किया गया है। सभी प्रखंडों से निर्वाची पदाधिकारियों द्वारा तैयार प्रतिवेदन राज्य निर्वाचन आयोग को भेजा गया था। आयोग द्वारा परीक्षण और अनुमोदन के बाद अंतिम सूची का प्रकाशन किया गया है।”
जिले में कितने निर्वाचन क्षेत्र बने?
अंतिम प्रकाशित सूची के अनुसार समस्तीपुर जिले में विभिन्न पदों के लिए कुल 5,522 निर्वाचन क्षेत्र निर्धारित किए गए हैं। जिनमें ग्राम पंचायत वार्ड सदस्य एवं पंच पद केलिए : 4,343, मुखिया एवं सरपंच पद केलिए : 346, पंचायत समिति सदस्य पद केलिए : 436, एवं जिला परिषद सदस्य पद केलिए : 51 निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं।
निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव पर जोर :
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि, “पंचायत आम निर्वाचन-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी स्तरों पर तैयारी की जा रही है। राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए प्रत्येक चरण को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया है।”