
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 पूसा। “ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव है ‘सहकारिता’। यह सही मायने में रोजगार सृजन का बड़ा माध्यम है। सहकारिता के माध्यम से बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों में समृद्धि लाई जा सकती है।” बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने बुधवार को सहकारिता प्रशिक्षण केन्द्र, पूसा में जीर्णोद्धार कार्य का उद्घाटन करते हुए उक्त बातें कही।
सहकारिता के माध्यम से गैर कृषि कार्य भी मुमकिन :
उन्होंने कहा कि, “शहद उत्पादक, मखाना उत्पादक, मछली उत्पादक, बुनकर तथा कृषि एवं गैर कृषि कार्यों के लिए प्राथमिक सहकारी समितियों का गठन कर रोजगार के व्यापक अवसर पैदा किए जा सकते हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि, “सहकारिता के माध्यम से फूड प्रोसेसिंग यूनिट, जन औषधि केन्द्र एवं पेट्रोल पंप जैसे गैर कृषि कार्य भी संचालित किए जा सकते हैं।”
रोजगार के अवसर सृजित करने पर जोर :
बताते चलें कि, बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने बुधवार को सहकारिता प्रशिक्षण केन्द्र, पूसा में जीर्णोद्धार कार्य का उद्घाटन तथा तीन दिवसीय प्रशिक्षण प्राप्त सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों के बीच प्रमाण-पत्रों का वितरण किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सहकारिता को ग्रामीण अर्थव्यवस्था का मूल आधार बताते हुए युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने पर जोर दिया।
कार्यकुशलता बढ़ाने का आह्वान :
अपने संबोधन में मंत्री श्री यादव ने वेजफेड को ग्रामीण स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम पदाधिकारियों एवं पैक्स प्रतिनिधियों के कौशल विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाकर कार्यकुशलता बढ़ाने का आह्वान किया।
किया उद्घाटन, वृक्षारोपण और निरीक्षण :
जीर्णोद्धार कार्यक्रम के अंतर्गत सहकारिता प्रशिक्षण केन्द्र परिसर में कम्प्यूटर कक्ष, पुस्तकालय कक्ष, सभा कक्ष, छात्रावास तथा प्राचार्य आवास का फीता काटकर उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही मंत्री ने प्रशिक्षण केन्द्र परिसर में वृक्षारोपण भी किया तथा परिसर में चल रही नव-निर्माण योजनाओं का निरीक्षण किया।
पैक्स प्रतिनिधियों को देंगे प्रशिक्षण :
इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम कुल 17 दिनों तक संचालित होगा। इसका पहला सत्र 1 जून से 3 जून 2026 तक आयोजित किया गया है, जिसमें प्रतिभागियों को मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षण प्राप्त मास्टर ट्रेनर आगे पैक्स प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण देंगे। कार्यक्रम के अंत में मंत्री राम कृपाल यादव ने प्रशिक्षण सत्र की सफलता के लिए सहकारिता प्रशिक्षण केन्द्र के आयोजकों को शुभकामनाएँ दीं।
उपस्थिति :
मौके पर विधान पार्षद तरूण कुमार, जिला केन्द्रीय सहकारी अधिकोष समस्तीपुर के अध्यक्ष विनोद कुमार राय, सहकारिता विभाग के अपर सचिव अभय कुमार सिंह, दरभंगा प्रमंडल के संयुक्त निबंधक निसार अहमद, जिला सहकारिता पदाधिकारी अनिल कुमार गुप्ता, सहकारिता प्रशिक्षण केन्द्र पूसा की प्राचार्य संगीता कुमारी, व्याख्याता-सह-सहायक निबंधक रेजयापुल हक, संयुक्त निबंधक जितेन्द्र कुमार सिंह सहित कई प्रशिक्षक, कर्मचारी एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।