
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। कृषि विज्ञान केंद्र, बिरौली द्वारा आत्मा, समस्तीपुर के सहयोग से कल्याणपुर प्रखंड के लदौरा गांव में एक दिवसीय किसान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को मृदा परीक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग तथा समेकित पोषक तत्व प्रबंधन के प्रति जागरूक करना था।
मृदा परीक्षण का महत्व :
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र, बिरौली के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रधान डॉ. आर. के. तिवारी ने किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग, समेकित पोषक तत्व प्रबंधन तथा मृदा परीक्षण के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि, “मृदा परीक्षण के आधार पर उर्वरकों का प्रयोग करने से उत्पादन लागत कम होती है तथा फसल उत्पादकता में वृद्धि होती है।”
नमूना संग्रह करने की प्रक्रिया :
इस अवसर पर इंजीनियर विनीता कश्यप ने मृदा परीक्षण के महत्व, मिट्टी का नमूना लेने की सही विधि तथा मिट्टी में उपलब्ध विभिन्न पोषक तत्वों की भूमिका पर व्याख्यान दिया। उन्होंने किसानों को वैज्ञानिक तरीके से मिट्टी का नमूना संग्रह करने की प्रक्रिया भी समझाया।
दी तकनीकी सलाह :
कार्यक्रम के सफल संचालन में कल्याणपुर के एटीएम एवं बीटीएम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस कार्यक्रम में 46 किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान किसानों के खेतों का भ्रमण भी किया गया, जहां विशेषज्ञों ने फसलों की स्थिति का अवलोकन कर आवश्यक तकनीकी सलाह प्रदान की।