
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 कल्याणपुर। “स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, स्वच्छता और नियमित देखभाल ही एक स्वस्थ, समृद्ध और विकसित समाज की आधारशिला है।खास कर बदलते मौसम में स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना अत्यंत आवश्यक है। छोटी-छोटी लापरवाहियाँ गंभीर बीमारियों का कारण बन सकती हैं। स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छ भोजन, शुद्ध जल, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद एवं समय-समय पर स्वास्थ्य जांच को अपनाना चाहिए।”
बुजुर्गों, एवं बच्चों को विशेष सावधान रहने की जरूरत :
गुरुवार को आयोजित एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर के दौरान श्री रामचंद्र हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक सह मुख्य चिकित्सक गठिया रोग विशेषज्ञ डॉ. मनोज कुमार सिंह ने अपने संबोधन में उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि, “मौसमीय अनिश्चितता के बीच बुजुर्गों, महिलाओं एवं बच्चों को मौसमजनित बीमारियों से विशेष रूप से सावधान रहने की जरूरत है।
श्रद्धा और सेवा का अद्भुत संगम :
बताते चलें कि, प्रखंड के हजपुरवा पंचायत स्थित करुआ ग्राम के वार्ड संख्या 17 में आयोजित मूर्ति स्थापना एवं प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के पावन अवसर पर श्रद्धा और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। जब श्री रामचंद्र सेवा ट्रस्ट द्वारा निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
जांच, दवा और आर्थराइटिस कीट मुफ्त :
इस निःशुल्क चिकित्सा शिविर में आए हुए सैकड़ों ग्रामीणों की न्यूरोपैथी जाँच, बोन मास डेंसिटी जाँच एवं खून की जाँच पूरी तरह निःशुल्क की गई। साथ ही जरूरतमंद मरीजों के बीच दवाओं और आर्थराइटिस किट का भी मुफ्त वितरण किया गया।
उद्देश्य :
धार्मिक अनुष्ठान के बीच आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के उन अभावग्रस्त लोगों तक उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा पहुँचाना था, जो आर्थिक या अन्य कारणों से शहर के बड़े अस्पतालों तक नहीं पहुँच पाते हैं।

समाज में बना रहे प्रेम, सद्भाव और सकारात्मकता :
इस दौरान डॉ. सिंह ने कहा कि, “प्रतिमा स्थापना एवं प्राण-प्रतिष्ठा का यह दिव्य एवं भक्तिमय संयोग श्रद्धालुओं के जीवन में स्वास्थ्य, सुख, शांति, समृद्धि और आध्यात्मिक ऊर्जा का पावन संदेश लेकर आया है। वैदिक मंत्रोच्चार और मंगल ध्वनि से सम्पूर्ण वातावरण भक्तिमय एवं ऊर्जावान बना हुआ है। ईश्वर से प्रार्थना है कि, यह शुभ संयोग सभी के जीवन में सुख, आरोग्य, यश और मंगल का संचार करे तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और सकारात्मकता सदैव बनी रहे।”
दिए स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति विशेष परामर्श :
इस स्वास्थ्य शिविर का नेतृत्व समस्तीपुर के सुप्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. मनोज कुमार सिंह ने किया। इस शिविर में उनके साथ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुषमा शिखा, डॉ. कुमार देवाशीष एवं उनकी पूरी मेडिकल टीम मौजूद रही। शिविर में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुषमा शिखा की उपस्थिति विशेष रूप से लाभकारी रही, जिन्होंने ग्रामीण महिलाओं को स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति विशेष परामर्श दिया।
उपस्थिति :
इस अवसर मुखिया प्रतिनिधि रमेश कुमार शर्मा, पंचायत समिति सदस्य ललिता देवी, प्राचार्य प्रो. नन्द किशोर सिंह, वार्ड सदस्य प्रवीण कुमार, पंच बैजनाथ साह, डॉ. जीतेन्द्र कुमार, भीम कुमार, मनीष कुमार, राम चन्द्र सिंह मुंशीजी, भुबनेश्वर महतो, अरुण कुमार, बिजेन्द्र ठाकुर, प्रो. सुबोध प्रसाद सिंह, अशर्फी लाल सिंह, विजय कुमार, दिलीप राज कुशवाहा समेत सैकड़ों श्रद्धालु एवं मरीज उपस्थित रहे।