
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 मुजफ्फरपुर। टैक्स शहरी क्षेत्र के तरह फिर सुविधा में भेदभाव क्यों? यह सवाल अब जोर पकड़ने लगा है। गैस आपूर्ति के परिपेक्ष्य में समस्तीपुर के बाद अब मुजफ्फरपुर में भी इस भेदभाव को लेकर रोष नजर आने लगा है।
आमरण अनशन शुरू :
पिछले दिनों एलपीजी गैस आपूर्ति में निर्धारित ‘भेदभाव पूर्ण समय सीमा’ को लेकर समस्तीपुर जिले के ताजपुर नगर परिषद के भाकपा माले नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने जिलाधिकारी सहित तमाम अधिकारियों को पत्र लिखा था। जिसमें पहल करने अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी थी। अब मुजफ्फरपुर जिले के मुरौल नगर पंचायत के वार्ड संख्या-03 के पार्षद आनंद कुमार साह ने एलपीजी आपूर्ति में कथित भेदभावपूर्ण नीति के विरोध में आमरण अनशन शुरू कर दिया है।
5 वर्ष पूर्व नगर निकाय का मिला दर्जा :
इस संबंध में उन्होंने 30 अप्रैल 2026 को जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए अपनी मांगों से अवगत कराया है। ज्ञापन में श्री साह ने बताया कि, “मुरौल, सकरा, कांटी, बरूराज, मोतीपुर, साहेबगंज, मुसरीघरारी, ताजपुर, रोसड़ा, सरायरंजन आदि क्षेत्रों को नगर निकाय का दर्जा मिले पांच वर्ष से अधिक समय बीत चुका है।”
गैस आपूर्ति ग्रामीण क्षेत्र की तरह क्यों? :
“इन क्षेत्रों में होल्डिंग टैक्स, बिजली बिल और जमीन रजिस्ट्री जैसे शुल्क शहरी दरों पर वसूला जा रहा है। इसके बावजूद इन क्षेत्रों के लोगों को एलपीजी आपूर्ति के मामले में ग्रामीण श्रेणी में रखा जा रहा है।” पार्षद श्री साह ने सवाल उठाया है कि, “टैक्स शहरी क्षेत्र की तरह तो गैस आपूर्ति ग्रामीण क्षेत्र की तरह क्यों?”
पुराने डाटाबेस के कारण हो रही परेशानी :
इन क्षेत्रों में गैस सिलेंडर की आपूर्ति 45 दिनों के ग्रामीण चक्र के अनुसार की जा रही है। जबकि शहरी क्षेत्रों में यह सुविधा 25 दिनों में उपलब्ध कराई जाती है। पार्षद ने इसे दोहरी नीति बताते हुए कहा है कि, “तेल कंपनियों के पुराने डाटाबेस के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ रही है।”
तेल कंपनियां व प्रशासन होंगे जिम्मेदार :
उन्होंने मांग किया है कि, “संबंधित कंपनियों के डाटाबेस को अपडेट कर इन क्षेत्रों को शहरी श्रेणी में शामिल किया जाए और 25 दिन वाली सुविधा बहाल की जाए।” साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि, “जब तक समस्या का समाधान नहीं होगा, उनका आमरण अनशन जारी रहेगा। इस दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति केलिए प्रशासन और संबंधित तेल कंपनियां जिम्मेदार होगी।”