
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। जिले में पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासनिक सुगबुगाहट शुरू हो गई है। इसी क्रम में पंचायत आम निर्वाचन की तैयारियों ने भी दिशा पकड़ ली है। इसी के तहत मंगलवार को जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी रौशन कुशवाहा ने पंचायत सरकार भवन, लघुनिया रघुकंठ में मल्टीपोस्ट ईवीएम के सुरक्षित भंडारण हेतु की गई व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया।
सभी आवश्यक पहलुओं का गहन अवलोकन :
इस दौरान जिलाधिकारी ने भवन की सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास बिंदुओं, स्ट्रांग रूम की उपलब्धता, डबल लॉक सिस्टम, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता, विद्युत आपूर्ति एवं बैकअप व्यवस्था सहित अन्य सभी आवश्यक पहलुओं का गहन अवलोकन किया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि, “ईवीएम के रख-रखाव एवं सुरक्षा से संबंधित भारत निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए एवं भवन को उसी अनुसार तैयार किया जाए।” इस क्रम में उन्होंने सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित रखते हुए त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उपस्थिति :
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार, नगर आयुक्त ज्ञान प्रकाश, पंचायती राज पदाधिकारी विष्णु देव मंडल, विशेष कार्य पदाधिकारी अली एकराम सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।