
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। जिले में हाल ही में आई आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए भारी नुकसान के बाद किसानों को राहत देने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। फसल क्षति मुआवजा के लिए डीबीटी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन लिए जा रहे हैं। जिसमें अब तक करीब 40 हजार से अधिक किसान आवेदन कर चुके हैं।
5 मई तक करें आवेदन :
इस बाबत जानकारी देते हुए जिला कृषि पदाधिकारी सुमित सौरभ ने बताया कि, प्राप्त आवेदनों का सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन के बाद पात्र किसानों के बैंक खातों में सीधे मुआवजा राशि भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि, जरूरी कागजात के साथ 5 मई तक आवेदन कर सकते हैं। उसके बाद पोर्टल बंद हो जाएगा।
किसानों को हुआ भारी नुकसान :
उल्लेखनीय है कि 20 मार्च को आई तेज आंधी-बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया था। खासकर गेहूं और मक्का की फसल को सबसे अधिक नुकसान हुआ। कई जगहों पर खेतों में खड़ी फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
मुआवजा वितरण की प्रक्रिया शुरू :
प्रशासन द्वारा कराए गए सर्वे के अनुसार जिले में लगभग 38 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में फसल क्षति हुई है। इसके आधार पर मुआवजा वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, ताकि प्रभावित किसानों को जल्द राहत मिल सके।