
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
समस्तीपुर (एनएसबी)। जीविका के सहयोग से किरण संकुल संघ, बिसनपुर में बुधवार को जिले के सदर प्रखंड में जीविका द्वारा जनगणना 2027 के तहत स्व-गणना कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
उद्देश्य :
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य 17 अप्रैल से 1 मई 2026 तक चलने वाले मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ-साथ आमजन को स्व-गणना के प्रति जागरूक करना था।
स्व–गणना से लाभ व उपयोगिता पर भी चर्चा :
इस अवसर पर जीविका के कैडर एवं सदस्यों को स्व-गणना की प्रक्रिया, उसके महत्व तथा इसमें उनकी भूमिका के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में 100 से अधिक जीविका दीदियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों को बताया गया कि वे किस प्रकार स्वयं अपनी जनगणना कर सकते हैं तथा यह प्रक्रिया किस प्रकार सरल, सटीक एवं पारदर्शी बनाई जा सकती है। साथ ही स्व-गणना के लाभों एवं इसकी उपयोगिता पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
स्व-गणना प्रक्रिया का कराया अभ्यास :
इस दौरान जीविका के प्रतिनिधियों ने सभी सदस्यों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक लोगों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करें, ताकि जनगणना कार्य को सफल बनाया जा सके। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जीविका कैडर एवं सदस्यों को लिंक के माध्यम से स्व-गणना की प्रक्रिया का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया।
स्व-गणना अभियान को सफल बनाने का लिया संकल्प :
अंत में सभी उपस्थित दीदियों ने स्व-गणना अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। इस कार्यक्रम में जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक विक्रांत शंकर सिंह, जिला प्रबंधक नीरज कुमार सिन्हा एवं संतोष कुमार, प्रखंड परियोजना प्रबंधक अंजनी कुमार, सहित प्रखंड स्तरीय जीविका कर्मी एवं बड़ी संख्या में जीविका दीदियां उपस्थित थीं।