
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 कल्याणपुर। प्रखंड के वीरसिंहपुर स्थित संत पॉल टीचर्स’ ट्रेनिंग कॉलेज में बुधवार को विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के प्रति छात्रों एवं शिक्षकों में जागरूकता फैलाने तथा “हमारी ऊर्जा, हमारा ग्रह ” के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
लिया संकल्प :
कार्यक्रम का संचालन डॉ. श्वेता द्विवेदी ने किया। प्राचार्या डॉ. रोली द्विवेदी एवं सभी शिक्षकों के नेतृत्व में पौधरोपण से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस दौरान शिक्षक व प्रशिक्षुओं ने परिसर में हरित वातावरण को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया।
छोटे-छोटे प्रयास भी महत्वपूर्ण :
उद्घाटन भाषण में मनोज कुमार ने पृथ्वी दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं एस.एम. तहसीन आलम कादरी ने “हमारा ग्रह, हमारा शक्ति” विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि, पृथ्वी की रक्षा प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है और इसके लिए छोटे-छोटे प्रयास भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
किया आह्वान :
कार्यक्रम में श्याम किशोर सिंह तथा प्रशिक्षु अभिषेक कुमार एवं शालिनी प्रिया ने भी अपने विचार व्यक्त किए और पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
समापन :
अंत में प्राचार्य डॉ. द्विवेदी ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी को पर्यावरण संरक्षण के प्रति सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकगण एवं प्रशिक्षु उपस्थित रहे। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।