
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। तापमान बढ़ने और पछुआ हवा के कारण अप्रैल के बाकी दिनों में जून की तरह हीट बेव (लू) का प्रकोप दिख सकता है।
डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा स्थित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा, एवं भारत मौसम विज्ञान विभाग के सहयोग से जलवायु परिवर्तन पर उच्च अध्ययन केंद्र द्वारा जारी 22-26 अप्रैल, 2026 तक के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार,
बढ़ेगा तापमान :
“पूर्वानुमानित अवधि में उत्तर बिहार में आसमान साफ एवं मौसम के शुष्क रहने की संभावना है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। कुछ जिलों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच सकता है। जबकि न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।”
हीट बेव चलने का अनुमान :
उत्तर बिहार के अनेक स्थानों पर अगले एक दो दिनों तक लू (हीट बेव) चलने का अनुमान है। क्योंकि, पूर्वानुमानित औसतन 8 से 10 कि०मी० प्रति घंटा की रफ्तार से 22-23 अप्रैल को पछिया हवा तथा उसके बाद पूरवा हवा चल सकती है।
सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 40 से 50 प्रतिशत तथा दोपहर में 10 से 20 प्रतिशत रहने की संभावना है। हीट बेव की संभावना को देखते हुए मौसम वैज्ञानिक डॉ. अब्दुल सत्तार ने सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा है कि,
“बिना आवश्यक कार्य के कड़ी धूप में घरों से बाहर नहीं निकलें। अगर घर से बाहर निकलना आवश्यक हो तो, भरपेट पानी पी कर तथा शरीर को ढक कर निकलें। पशु शालाओं में पर्याप्त नमी बनाए रखें।”