
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। बच्चों की सुरक्षा को लेकर शनिवार को जिले के कर्पूरी ग्राम स्थित प्रभावती रामदुलारी इंटर विद्यालय में “सुरक्षित शनिवार” कार्यक्रम के तहत जागरूकता की जागरूकता की पाठशाला के रूप में विशेष पहल की गई।
स्टेट प्रशिक्षक सुभीत सहित तीन फोकल शिक्षक मनोनीत :
विद्यालय सभागार में प्रभारी प्रधानाध्यापक किरण झा की अध्यक्षता में आयोजित इस पाठशाला में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए फोकल शिक्षक एवं बाल प्रेरकों का चयन किया गया। इस दौरान सर्वसम्मति से स्टेट ट्रेनर सुभीत कुमार सिंह को फोकल शिक्षक सह सचिव तथा स्मृति कुमारी व तरूण कुमार झा को फोकल शिक्षक मनोनीत किया गया।
प्रत्येक कक्षा से बने बाल प्रेरक :
साथ ही प्रत्येक कक्षा से बाल प्रेरक छोटी कुमारी, पूजा कुमारी, साक्षी, हरिओम, आतिश, आशीष, साल्वी, कृतिका, राधिका व अनिकेत आदि का चयन कर उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
जागरूकता ही सबसे बड़ी सुरक्षा :
चयन के उपरांत स्टेट ट्रेनर सुभीत ने बाल प्रेरकों एवं छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि “सुरक्षा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक आदत है। हम सभी का दायित्व है कि विद्यालय से लेकर घर तक हर परिस्थिति में सजग रहें। आपदा कभी सूचना देकर नहीं आती, इसलिए पूर्व तैयारी और जागरूकता ही हमारी सबसे बड़ी सुरक्षा है। उन्होंने कहा कि, बाल प्रेरक इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और अपने साथियों को भी सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित करेंगे।”
महत्वपूर्ण केंद्र :
इस अवसर पर अपने संबोधन में उपाध्यक्ष डॉ. बेबी कुमारी ने सुरक्षा की पाठशाला को सार्थक पहल करार दिया और आयोजन केलिए विद्यालय परिवार को बधाई देते हुए कहा कि, “विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी महत्वपूर्ण केंद्र है।”
सुरक्षित एवं जागरूक विद्यालय बनाने का संकल्प :
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रत्येक शनिवार को नियमित रूप से “सुरक्षित शनिवार” के अंतर्गत मॉक ड्रिल, जागरूकता अभियान एवं सुरक्षा से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने एकजुट होकर सुरक्षित एवं जागरूक विद्यालय का वातावरण बनाने का संकल्प लिया।