
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। जिले के पूसा स्थित डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय के अधीनस्थ कृषि विज्ञान केन्द्र बिरौली एवं बोरलाग इंस्टीट्यूट फॉर साउथ एशिया के संयुक्त तत्वावधान में संचालित जलवायु अनुकूल कृषि कार्यक्रम के अंतर्गत प्रक्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
विभिन्न प्रखंडों के गांवों का किया भ्रमण :
इस कार्यक्रम में कृषि निदेशालय पटना के उपनिदेशक अभियंत्रण अजय कुमार झा तथा सहायक निदेशक, अभियंत्रण अमित कुमार ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान बीसा के डॉ राजकुमार जाट एवं केवीके प्रमुख डॉ आरके तिवारी के नेतृत्व में चयनित गांवों कल्याणपुर प्रखंड के लदौरा, पूसा प्रखंड के दिघरा तथा मोरवा प्रखंड के निकसपुर का भ्रमण किया गया।
खेती के उन्नत तकनीक व कृषि यंत्रीकरण के महत्व के बारे में दी जानकारी :
इस दौरान वैज्ञानिकों एवं अधिकारियों ने खेतों का निरीक्षण कर जलवायु अनुकूल कृषि तकनीकों के प्रभाव का आकलन किया। इस क्रम में वैज्ञानिकों ने किसानों के साथ विस्तृत संवाद स्थापित किया। जिसमें उन्हें बदलती जलवायु परिस्थितियों के अनुरूप खेती की उन्नत तकनीकों, संसाधन संरक्षण उपायों तथा कृषि यंत्रीकरण के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
कई वैज्ञानिक व प्रगतिशील किसान हुए शामिल :
इस दौरान किसानों ने भी अपनी समस्याओं एवं अनुभवों को साझा किया। जिस पर विशेषज्ञों ने व्यवहारिक सुझाव प्रदान किए। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केन्द्र बिरौली के उद्यान विशेषज्ञ डॉ धीरु कुमार तिवारी, इंजीनियर विनिता कश्यप, शुभम कुमार एवं सत्येंद्र कुमार सहित तीनों गांवों के प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।