
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 सीतामढ़ी (डुमरा)। “हर मंजिल के आगे नए मंजिल की राह गढ़ना और बच्चों को उस राह पर बढ़ने केलिए प्रेरित कर उन्हें नई ऊंचाई तक पहुंचाने की आदत ही शिक्षक को समाज में सर्वश्रेष्ठ बनाती है।”
सितारों से आगे जहां और भी है:
हालिया संपन्न बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की परीक्षाओं में सफल छात्रों के सम्मान में आयोजित सम्मान समारोह के उद्घाटन सत्र के दौरान अतिथियों का स्वागत करते हुए सुपर सेवन आर्ट्स क्लासेज के संस्थापक जितेंद्र कुमार ने उक्त बातें कही।
इस दौरान उन्होंने बच्चों की सफलता और संस्थान की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त किया। साथ ही सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि, “हमें याद रखने की जरूरत है कि ये आखिरी मंजिल नहीं है सितारों से आगे जहां और भी है।”
बदल रहे हैं मेथौरा में हालात :
बताते चलें कि, उन्नत खेतीबाड़ी के लिए प्रसिद्ध सीतामढ़ी जिले के डुमरा प्रखंड स्थित मेथौरा पंचायत शिक्षा के क्षेत्र में काफी पिछड़ा क्षेत्र रहा है। मगर हालात बदल रहे हैं, यहां के बच्चे भी अब राज्य स्तर पर अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। हालिया संपन्न 12वीं परीक्षा में 24 तथा 10 वीं परीक्षा में 29 छात्र-छात्राओं की सफलता इसका प्रमाण है ।
निरंतर प्रयास का परिणाम :
यह सब एक दिन में नहीं हुआ है। बल्कि मेथौरा गांव के युवा जितेंद्र कुमार के दृढ़ संकल्प, तथा पिछले कुछ सालों के निरंतर श्रमशील प्रयासों से लोगों को अपने बच्चों की शिक्षा केलिए जागरूक करते रहने और अपने कुशल व विशेषज्ञ शिक्षकों की टीम के साथ गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा देते रहने का सुपरिणाम है। जिसमें गांव में रह कर ही पढ़ाई कर बच्चे 449 अंक तक रिजल्ट लाने में सफल हुए हैं।
स्वागत व उद्घाटन :
विदित हो कि, मेथौरा बाजार के निकट संचालित सुपर सेवन आर्ट्स क्लासेज में 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा के सफल छात्रों के सम्मान में एक भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। परंपरा के अनुसार स्वागत अभिनंदन और अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
12वीं में 24 तथा 10वीं में 29 छात्र-छात्रा हुए सफल :
इस दौरान उन्होंने बताया कि, 12वीं कक्षा राहुल कुमार (402 अंक), अमित कुमार (396 अंक), मनीषा कुमारी (389 अंक) एवं मधु कुमारी (389 अंक) सहित कुल 24 छात्रों ने सफलता प्राप्त की है। वहीं 10वीं कक्षा में अंजली कुमारी (449 अंक), सोनी कुमारी (409 अंक) एवं किरण कुमारी (393 अंक) सहित कुल 29 छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
निरंतर अभ्यास और अध्ययन से मिलती है सफलता :
कार्यक्रम के दौरान सभी सफल छात्र–छात्राओं को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर छात्रों ने अपने अनुभव साझा किए और सफलता के सूत्र भी बताए। जिसमें उन्होंने कहा कि, निरंतर अभ्यास और अध्ययन से ही सफलता मिलती है।
कई गणमान्य लोग भी थे मौजूद :
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैरियर काउंसलर प्रमोद कुमार, किड्स लैंड स्कूल के संस्थापक रवि कुमार, कोचिंग संस्थापक लगमा सुन्दरम कुमार हर्षित, कैरियर काउंसलर गौतम कुमार तथा अभिभावक संजय कुमार उपस्थित रहे।
बनें जिम्मेदार, और कर्तव्यनिष्ठ नागरिक :
सभी अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि, सफलता का कोई शॉर्ट कट नहीं होता। निरंतर व श्रमशील प्रयासों से मिली सफलता ही स्थाई होती है। इस दौरान उन्होंने छात्रों को निरंतर सदाचार एवं अनुशासन के साथ आगे बढ़ने और देश का जिम्मेदार, ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।