
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। जिले में न रसोई गैस की किल्लत है, न ही पेट्रोल डीजल की कमी है। इसलिए जिला प्रशासन तमाम जिला वासियों से अपील करता है कि, अफवाहों पर बिल्कुल भी ध्यान नहीं दें, धैर्य रखें निर्धारित समय पर गैस आपके घर पर पहुंचाई जाएगी।
स्थानीय कारणों से पेट्रोल डीजल वितरण में हुई परेशानी :
अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार ने गुरुवार को पेट्रोलियम उत्पादों को लेकर व्याप्त अफरा–तफरी और वस्तु स्थिति पर जानकारी साझा करने को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उक्त बातें कही। उन्होंने बताया कि, शहर में डीजल पेट्रोल को लेकर मची अफरातफरी की खबर मिलने पर मैंने खुद निरीक्षण किया तो पता लगा कि, समय से भुगतान नहीं होने, और अचानक मांग में आए व्यापक उछाल जैसे स्थानीय कारणों की वजह से पेट्रोल डीजल वितरण में परेशानी उत्पन्न हुई थी।
जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों पर भी प्रशासन की नजर :
श्री कुमार ने बताया कि, सभी पेट्रोलियम उत्पादों के आपूर्ति और वितरण पर प्रशासन की पैनी नजर है। समय समय पर सम्बन्धित वितरकों के साथ बैठक कर उनकी परेशानियों और हालात की जानकारी ली जा रही है और जरूरी निर्देश भी दिए जा रहे हैं। साथ ही उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी से बचाने केलिए लगातार मॉनिटरिंग भी की जा रही है। श्री कुमार ने कहा कि, जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों पर भी प्रशासन की नजर है।