
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 दरभंगा। महिला न कभी अबला थी, न है और न ही हो सकती है। वो तो हमारे प्रकृति प्रदत्त असीम धैर्य, सहनशीलता और क्षमाशीलता के कारण हमें अबला उन्होंने ही समझा, जिन्हें हमने जन्म दिया, बड़ा किया और इस दुनिया के लायक बनाया।
महिला सदस्य उत्कृष्टता समिति (डब्लू.एम.ई.सी.) के तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि रोटरी क्लब की पूर्व असिस्टेंट गवर्नर रोटेरियन डॉ. अमृता कुमारी ने उक्त बातें कही।
अपमान और सम्मान दोनों सहज भाव से किया स्वीकार :
उन्होंने कहा कि, सृष्टि के संचालन व संरक्षण की जिम्मेदारी प्रकृति ने हमें सौंपी है। इतिहास गवाह है कि हर दौर में प्रत्येक बड़े परिवर्तन की वाहिका हम महिलाएं ही रही हैं। कौरवों के अहंकार को मिटाने के लिए द्रौपदी, हो या कलुषित इंद्रादि देवताओं को देवत्व का आभास कराने वाली अहिल्या, या फिर रावण के आतंक से ऋषि मुनियों की रक्षा के लिए उसके संहार की पृष्ठ भूमि तैयार करने वाली कैकेई, हर रूप में हम ही आगे आए, और तत्कालीन अपमान का विषपान तत्पश्चात पूजा की हद तक सम्मान दोनों ही हमने हमेशा सहज, सरल और निष्कपट भाव से स्वीकार व अंगीकार किया है।
हर क्षेत्र में महिलाएं लहरा रही हैं अपनी प्रतिभा, का परचम :
रोटेरियन डॉ अमृता ने कहा कि, लक्ष्मीबाई, पन्नाधाय, सरोजनी नायडू, इन्दिरा गांधी, सुनीता विलियम्स, हर रूप में महिलाओं ने अपनी श्रेष्ठता साबित की है। आज तो जमीन से अंतरिक्ष तक, रसोई से खेल के मैदान तक, बाजार से बड़े–बड़े कार्यालयों व संस्थानों तक, इंजीनियरिंग व चिकित्सा जगत से देश की सीमा तक, हर जगह हम महिलाएं अपनी प्रतिभा, कुशलता, और क्षमता का परचम लहरा रही हैं।
पेशेवर समुदाय की रही महत्वपूर्ण सहभागिता :
भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान (ICAI) के मध्य भारत क्षेत्रीय परिषद (CIRC) की दरभंगा शाखा ने रविवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला सदस्य उत्कृष्टता समिति (डब्लू.एम.ई.सी.) के तत्वावधान में एक विशेष कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया। भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान की महिला सदस्य उत्कृष्टता समिति (डब्लू.एम.ई.सी.) के तत्वावधान में शाखा परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में पेशेवर समुदाय की महत्वपूर्ण सहभागिता रही।

अतिथियों के स्वागत सम्मान के बाद उद्घाटन :
वित्तीय क्षेत्र में महिलाओं के योगदान को सम्मानित करने और पेशेवर विकास के मार्गों पर चर्चा के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में, सबसे पहले मुख्य अतिथि पास्ट एजी ऑफ रोटरी क्लब रोटेरियन डॉ. अमृता कुमारी व सम्मानित अतिथि क्रेडिट ऑफिसर, रीजनल ऑफिस, पंजाब नेशनल बैंक, दरभंगा प्रगति कुमारी का परंपरानुसार शॉल, पाग, पुष्प गुच्छ से अभिनन्दन किया गया। तत्पश्चात आगत अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन की औपचारिकता के साथ कार्यक्रम परवान चढ़ा।
लेखांकन के पेशे में महिलाओं की बदलती भूमिका :
इस दौरान आत्मनिर्भर, समृद्ध एवं विकसित समाज एवं राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण विश्व महिला दिवस पर विशेषज्ञ चर्चा का नेतृत्व फैकल्टी सीए नीती अग्रवाल ने किया, इस दौरान उन्होंने लेखांकन पेशे में महिलाओं की बदलती भूमिका पर विस्तार प्रकाश डाला।
अध्यक्ष ने जताया अतिथियों व सदस्यों का आभार :
दरभंगा शाखा के अध्यक्ष सीए गिरधारी लाल अग्रवाल ने अपने समापन भाषण में प्रबंध समिति के सदस्यों के साथ आगत अतिथियों और उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा इस कार्यक्रम की सफलता एक समावेशी वातावरण को बढ़ावा देने के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। जिसमें हमारी महिला सदस्य सफल हो सकें और नेतृत्व कर सकें।
कई पदाधिकारी थे मौजूद :
इस अवसर पर प्रेसिडेंट आईसीएआई सीए प्रसन्न कुमार, वाइस प्रेसिडेंट सीए मंगेश पांडुरंग किनारे, चेयरमैन डब्लूईएमसी सीए पुरुषोत्तम खंडेलवाल, वाइस चेयरपर्सन डब्लूईएमसी सीए श्रीप्रिया कुमार के अलावा सीए प्रवीण भूषण, श्याम कुमार, पंकज तनेजा, अजीत मिश्रा, एवं नवल मिश्रा आदि मौजूद थे।