
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। तेल एवं प्राकृतिक गैस की उत्पन्न समस्या के मद्देनजर आम आदमी को होने वाली कठिनाईयों के निदान हेतु खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, बिहार, पटना से प्राप्त निर्देश के आलोक में समस्तीपुर जिलान्तर्गत एक नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जो प्रतिदिन 07:00 बजे पूर्वाह्न से 09:00 बजे अपराह्न तक कार्य करेगा।
हेल्प लाइन नंबर जारी :
इसको लेकर जिला प्रशासन ने हेल्प लाइन नंबर जारी किया है। उक्त अवधि में आमजन अपनी समस्याओं या हो रही कठिनाईयों से उक्त नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्याः 06274-222300 पर शिकायत कर सकते हैं।
पूर्व की भांति घर पर सुनिश्चित की जा रही गैस सिलेंडर की आपूर्ति :
जिला प्रशासन ने एलपीजी उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा है कि, जिला में घरेलु उपयोग के लिए रसोई गैस सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता है, अफवाहों व अनावश्यक भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें। गैस बुकिंग दर्ज होने के पश्चात दो से तीन दिनों के भीतर घरेलु गैस सिलेंडर की आपूर्ति पूर्व की भांति घर पर सुनिश्चित की जा रही है।
गैस एजेंसियों/गोदामों पर भीड़ लगाने से बचें :
जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों / गोदामों पर भीड़ लगाने से बचने की अपील करते हुए कहा है कि, गैस वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से शहरी क्षेत्र में घरेलु उपभोक्ताओं के अंतिम गैस सिलेंडरों की डिलिवरी के 25 दिनों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के घरेलु उपभोक्ताओं के अंतिम गैस सिलेंडर की डिलीवरी के 45 दिनों के बाद गैस सिलेंडर की बुकिंग की अनुमति है।