
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 पुसा। डॉ राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पुसा के मेला मैदान में आयोजित तीन दिवसीय कृषि मेला 2026 में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस क्रम में मेला के दूसरे दिन जवाहर ज्योति बाल विकास केंद्र समस्तीपुर एवं क्राई के द्वारा स्टॉल संख्या 172 पर बाल विवाह मुक्त भारत अभियान एवं निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

दी गई अधिकारों और विधिक सहायता की जानकारी :
इस अवसर पर लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणाम, बच्चों के अधिकार तथा सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। समाज में बाल विवाह की कुप्रथा को समाप्त करना तथा लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में जवाहर ज्योति बाल विकास केन्द्र, समस्तीपुर की टीम की सक्रिय भागीदारी रही।
बाल विवाह मुक्त भारत बनाने का आह्वान :
इस अवसर पर, संस्था की ओर से लेखा प्रबंधक पप्पू यादव, सपोर्ट पर्सन सह पीएलवी दीप्ति कुमारी तथा एक्सेस टु जस्टिस कार्यक्रम की सामुदायिक सामाजिक कार्यकर्ता विभा कुमारी, काजल राज, ललिता कुमारी, मयंक कुमार सिन्हा, रवि कुमार मिश्रा, पैनल अधिवक्ता रेशमा जौहर, कुमारी निर्मला राय और पारा लीगल वॉलिंटियर सुनील कुमार ने स्टॉल पर आए किसानों और मेला घूमने वाले लोगों को को बाल यौन शोषण से संरक्षण का अधिनियम, बच्चों का सुरक्षा और संरक्षण, बाल विवाह निषेध अधिनियम, बाल श्रम प्रतिषेध अधिनियम तथा निःशुल्क विधिक सहायता से संबंधित जानकारी प्रदान की और बाल विवाह मुक्त भारत बनाने का आह्वान किया।
लोगों ने लिया संकल्प :
इस दौरान सैकड़ों किसानों, महिलाओं और युवाओं ने स्टॉल पर आकर जानकारी प्राप्त की तथा बाल विवाह रोकने के लिए जागरूक रहने का संकल्प लिया।