
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, केन्द्र सरकार द्वारा फरवरी 2024 में लागू किया गया है। इसके तहत 01 करोड़ घरों में सोलर प्लेट लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
सोलर मेला का डीएम ने किया उद्घाटन :
नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के तत्वावधान में पटेल मैदान के प्रांगण में आयोजित सोलर मेला का आयोजन किया गया, इस मेले का उद्घाटन करते हुए जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा ने उक्त बातें कही।
उन्होंने कहा कि, “सोलर मेला का आयोजन मुख्य रूप से उपभोक्ताओं को जानकारी एवं जागरूक करने के लिए किया गया है। सोलर ऊर्जा लगाए जाने के लिए लोग आगे आ रहे हैं। इसमें सब्सिडी भी सरकार दे रही है।”
3970 उपभोक्ताओं ने दिए आवेदन :
बताते चलें कि, सोलर पैनल लगाने वाली कंपनियों एवं सहयोग प्रदान करने वाले बैंकों के सहयोग से आयोजित इस मेले में 3970 उपभोक्ताओं ने सोलर पैनल केलिए आवेदन दिए।
डीएम ने दी अनुदान की जानकारी :
इस दौरान श्री कुशवाहा ने बताया कि, घरेलू उपभोक्ताओं के द्वारा 01 किलोवॉट तक का सोलर पैनल लगाने पर 30 हजार का अनुदान दिया जाएगा। वहीं 02 किलोवॉट तक का सोलर पैनल लगाने पर 60 हजार एवं 03 किलोवॉट एवं इससे ऊपर के सोलर पैनल लगाने पर 78 हजार का अनुदान दिया जा रहा है। जो सोलर पैनल लगने के तीस दिनों के अंदर उपभोक्ता के खाते में वापस कर दिया जाता है।
ऋण और सोलर पैनल लगाने से लाभ :
इस दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न सोलर पैनल आपूर्तिकर्ताओं द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया। इस दौरान सेल्को इंडिया के समन्वयक यशवंत कुमार ने बताया कि, कोई उपभोक्ता प्रति माह 300 यूनिट तक सोलर ऊर्जा से विद्युत उत्पादन करते है, तो 18 हजार तक प्रतिवर्ष बचत करते है। सोलर पैनल लगाने में सहयोग प्रदान करने वाले बैंक द्वारा दो लाख एवं तीन लाख कम ब्याज दर यथा (7 प्रतिशत) पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।
एक बार निवेश लंबे समय तक मुफ्त बिजली :
आम तौर पर सोलर पैनल की औसत आयु 25-30 वर्ष होती है। पर्यावरण संरक्षण के लिहाज से 03 किलोवॉट सोलर पैनल लगाना 100 वृक्ष लगाने के बराबर होता है। इन सोलर पैनलों को बहुत कम देखभाल की ही जरूरत होती है। अर्थात, सोलर पैनल लगाने के पश्चात घरेलू उपभोक्ताओं को 0 यूनिट का विद्युत विपत्र प्राप्त होता है। सोलर पैनल लगाने से घरेलू उपभोक्ता एक बार निवेश के बाद लंबी अवधि तक मुफ्त ऊर्जा का उपभोग कर सकते है।
125 यूनिट से अधिक उपयोग पर समायोजन की सुविधा :
श्री यशवंत ने बताया कि, बिहार सरकार के द्वारा दिये जाने वाले 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना के अलावे अतिरिक्त उपयोग किये गये यूनिट का समायोजन सोलर पैनल से किया जा सकता है।
आवेदन की विधि :
वहीं प्रधान मंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रशिक्षक अमित कुमार वर्मा ने बताया कि, सोलर पैनल को लगाने हेतु आवेदक को पीएम सूर्यघर डॉट जीओवी डॉट इन पर पंजीकरण करना होगा तथा रजिस्टर्ड मोबाईल पर ओटीपी आने के पश्चात बेसिक इन्फॉर्मेशन को अद्यतन करते हुए पंजीकृत किया जा सकता है। पंजीकृत किये जाने के पश्चात संबंधित वेंडर को चयनित किया जा सकता है। वेंडर को चयनित किये जाने के पश्चात वेंडर द्वारा विभाग से संपर्क कर सोलर पैनल स्थापन तक सभी कार्य करवाया जाता है। जिससे उपभोक्ताओं को किसी तरह की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ता है।
कई पदाधिकारी थे मौजूद :
मौके पर डीडीसी सूर्य प्रताप सिंह, डीपीआरओ रजनीश कुमार राय, एसडीएम दिलीप कुमार, बिजली विभाग के एसी कुमार गौरव, ईई आनद कुमार सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे।