
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 ताजपुर। सिर्फ भारत रत्न देना जननायक के प्रति श्रद्धांजलि नहीं हो सकती, बल्कि उनके अधूरे कार्यों को पूरा कर तथा, उनके विचारों को जीवन में उतार का भारत रत्न के प्रति सम्मान और जननायक कर्पूरी ठाकुर को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
सड़क से सदन तक होगा आंदोलन तेज :
शनिवार को जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर आयोजित मानव श्रृंखला कार्यक्रम के दौरान भाकपा माले नेता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि यह मानव श्रृंखला जन समस्याओं और सरकारी महकमे में व्याप्त भ्रष्टाचार की ओर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास है। अगर हमारी मांगें पूरी नहीं की जाती हैं तो, सड़क से सदन तक संघर्ष तेज किया जाएगा।
मानव श्रृंखला बना कर मुख्यमंत्री का ध्यानाकर्षण :
बताते चलें कि, सामाजिक न्याय के पुरोधा भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर के 102 वें जयंती पर कर्पूरी ठाकुर के अधूरे कार्यों को पूरा करने की ओर सरकार के ध्यानाकर्षण के उद्देश्य से भाकपा माले के बैनर तले प्रखंड मुख्यालय स्थित राजधानी चौक पर मानव श्रृंखला बनाया गया। इस क्रम में शनिवार को बड़ी संख्या में भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने हाथों में विभिन्न मांगों से संबंधित नारे लिखी तख्तियां, झंडा, और बैनर लेकर सड़क किनारे मानव श्रृंखला का निर्माण किया।
मुख्य मंत्री जवाब दो के लगे नारे :
इस दौरान कार्यकर्ता “भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर द्वारा शुरू किया गया योजना अधूरा क्यों नीतीश कुमार जबाब दो”, “कर्पूरी ठाकुर द्वारा शुरू जमुआरी नदी परियोजना अधूरा क्यों- मुख्यमंत्री जबाब दो, “कर्पूरीग्राम- ताजपुर- महुआ- भगवानपुर रेल लाईन योजना अधर में क्यों- मुख्यमंत्री जबाब दो”, ” स्व० ठाकुर का कर्मभूमि ताजपुर को पुनः विधानसभा का दर्जा दो”, “ताजपुर को पुनः अनुमंडल का दर्जा दो”, रोसड़ा को जिला का दर्जा दो”, “मनीष पोद्दार को थर्ड डिग्री टार्चर के आरोपी पुलिस-थानाध्यक्ष को बर्खास्त करो”, “मनपूरा पंचायत के राजस्व कर्मचारी राॅबिन ज्योति का घूस लेते वायरल विडियो का जांच कराओ” आदि मांगों से संबंधित नारे लगा रहे थे।
माले नेता ने गिनाई मांगें :
इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि दूधपूरा हवाई अड्डा को चालू करने, बंद पड़े चीनी एवं पेपर मिल को चालू करने, भूमिहीनों को वास भूमि एवं आवास, सरकारी जमीन पर बसे को पर्चा, पर्चाधारी को कब्जा दिलाने, पहुंचपथ से वंचित गांव-टोले में पहुंचपथ बनाने, थाना- अंचल- प्रखंड- मनरेगा- आपूर्ति- बाल विकास आदि विभागों में व्याप्त लूट-भ्रष्टाचार पर रोक लगाने, यूरिया- डीएपी का कालाबाजारी पर रोक लगाने, किसान रजिस्ट्री में वंशावली शामिल करने, राजस्व महाअभियान के तहत जमा आवेदन का निष्पादन करने, सब्जी एवं मसाला उत्पादक प्रखंड ताजपुर को नि:शुल्क खाद-बीज- बिजली-पानी- कृषि यंत्र देने, मनरेगा का नाम बदलने पर रोक लगाने, 4 श्रमकोड एवं बिजली विधेयक वापस लेने आदि मांगों की ओर नीतीश सरकार का ध्यानाकर्षण कराने केलिए मानव श्रृंखला निर्माण किया जा रहा है।
सैकड़ो लोग हुए शामिल :
मौके पर भाकपा माले के आसिफ होदा, ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, मो० एजाज, राजदेव प्रसाद सिंह, शंकर महतो, संजीव राय, चांद बाबू, संतोष साह, शाद तौहीदी, मो० मोखलिस, मो० रहमान, महावीर सिंह, रवींद्र शर्मा, ब्रह्मदेव सिंह, चंद्रशेखर शर्मा समेत बड़ी संख्या में भाकपा माले कार्यकर्ता, कार्यक्रम केलिए प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट, पुलिस बल व कार्यकर्ता उपस्थित थे।