
कॉमन फ़ेसीलेटर सेंटर भवन में प्रखंड और उत्पादन सह प्रशिक्षण भवन में चलता अंचल कार्यालय
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 विद्यापतिनगर। प्रशासनिक उदासीनता के कारण विद्यापतिनगर प्रखंड सह अंचल के उद्धाटन के एकतीस साल बाद भी अपने भवन केलिए तरस रहा है। जिसके कारण कॉमन फ़ेसिलेटर सेंटर भवन में प्रखंड कार्यालय और उत्पादन सह प्रशिक्षण भवन में अंचल कार्यालय संचालित हो रहा है। जिसके कारण आज भी संबंधित अधिकारी और कर्मी अनुमंडल मुख्यालय दलसिंहसराय में रहने को मजबूर हैं।
शिक्षा मंत्री ने किया था उद्घाटन :
जानकार बताते हैं कि, “विद्यापति नगर की ऐतिहासिकता, क्षेत्र के विकास, लोगो की मांग और सुविधा को देखते हुए तत्कालीन सीएम लालू प्रसाद यादव के शासन काल पूर्व मुख्यमंत्री, भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर 24 जनवरी 1994 को विद्यापतिनगर प्रखंड का उद्धाटन साहिट पंचायत भवन में तत्कालीन शिक्षा मंत्री रामचंद्र पूर्वे ने किया था।”
न कार्यालय भवन न आवास :
प्रखंड के उद्घाटन से क्षेत्र के लोगो में विकास को ले कर उम्मीद और उत्साह का संचार हुआ था। हर तरफ़ खुशियां मनाई गई थी। अंचल कार्यालय भी खुल गया। बताते है कि, क्षेत्र का विकास तो हुआ, पंचायत भी बढ़े, लेकिन आज तक न तो प्रखंड सह अंचल कार्यालय को अपना भवन मिल पाया, न ही, अधिकारियों और कर्मियों के रहने का आवास तक का निर्माण नहीं हो सका है।
दलसिंहसराय तक दौड़ लगाना लोगों की मजबूरी :
जिसके कारण आज भी यहां के बीडीओ और सीओ सहित कर्मचारी अनुमंडल मुख्यालय दलसिंहसराय में रहने को मजबूर हैं। नतीजन कई बार यहाँ के लोगों को अपनी जरूरी काम के लिए मजबूरी में दलसिंहसराय तक दौड़ लगानी पड़ती है।
प्रशासनिक अनिच्छा, जमीन विवाद का बहाना :
लोग यह भी बताते हैं कि, सालों पूर्व स्थानीय पानी टंकी के निकट प्रखंड सह अंचल कार्यालय के लिए जमीन के अधिग्रहण की चर्चा शुरू हुई थी। तत्कालीन डीएम, व एसडीओ द्वारा स्थल निरीक्षण कर कार्रवाई शुरू हुई, फ़ाइल आगे भी बढ़ी लेकिन, बाद में जमीन विवाद का बहाना बना कर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। फ़लतः प्रशासनिक अनिच्छा और कथित जमीन विवाद के कारण आज तक यह मामला फ़ाइल में ही सिमटा सिसक रहा है।