
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
ओईनी विद्यापतिनगर। “भोजपुरी सिनेमा को अनावश्यक रूप से बदनाम किया जाता हैं, जबकि इस भाषा में कई उत्कृष्ट व अच्छी फिल्में बनती रही हैं।”
एक पारिवारिक व सामाजिक पृष्ठभूमि पर आधारित बेहतरीन भोजपुरी फिल्म “साढ़ू जी नमस्ते” के प्रमोशन के क्रम में विद्यापतिधाम पहुंची भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्री सपना झा ने बुधवार को अपने संबोधन में उक्त बातें कही।
गहराई और समृद्धि अद्वितीय :
उन्होंने कहा कि, दुनिया में सबसे अधिक बोली जाने वाली क्षेत्रीय भाषा ‘भोजपुरी’ समृद्ध सांस्कृतिक विरासत वाली एक ऐसी मधुर भाषा है जिसकी गहराई और समृद्धि अद्वितीय है।
‘साढ़ू जी नमस्ते’ का, समारोह पूर्वक प्रमोशन :
बताते चलें कि, बुधवार को पारिवारिक व सामाजिक पृष्ठभूमि पर आधारित स्वस्थ मनोरंजक मसालों से ओतप्रोत भोजपुरी फिल्म “साढ़ू जी नमस्ते” का, भक्त व भगवान की नगरी बालेश्वर स्थान, विद्यापतिधाम उगना महादेव मंदिर के पार्श्व स्थित पर्यटक भवन के सभागार में, समारोह पूर्वक प्रमोशन किया गया।
कल्पना पटवारी का गीत लॉन्च :
इसी क्रम में भोजपुरी की लता मंगेशकर कहीं जाने वाली सुप्रसिद्ध गायिका कल्पना पटवारी के गीत “बलम जी का कईला…” की लॉन्चिंग भी की गई।
विरासत और सांस्कृतिक पहचान को केंद्र में रख कर फिल्म निर्माण सुखद :
इस अवसर पर सर्वप्रथम यूथ ब्रिगेड के संयोजक पदमाकर सिंह लाला ने भारतीय परंपरा के अनुसार नारियल फोड़ कर तथा विघ्नहर्ता, बुद्धि विनायक भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत करते हुए कहा कि, “भोजपुरी की समृद्ध विरासत और इसकी सांस्कृतिक पहचान को केंद्र में रखते हुए फिल्मों का बनना दर्शकों के लिए सुखद अहसास है।”
मनोरंजक, भावनात्मक और संदेशपूर्ण फिल्म :
वहीं, फिल्म के अभिनेता व विद्यापतिनगर प्रखंड के दमदमा निवासी भोजपुरी अभिनेता सुजीत सुगना ने कहा कि यह एक पारिवारिक पृष्ठभूमि पर आधारित स्वस्थ मनोरंजक, भावनात्मक और संदेशपूर्ण फिल्म है। ताकि दर्शकों को यह अहसास दिलाया जा सके कि भोजपुरी सिनेमा अपनी गुणवत्ता और प्रस्तुति में तेजी से बदलाव ला रहा है।
सामाजिक व पारिवारिक मूल्यों पर आधारित फिल्म :
फिल्म के निर्देशक रंजीत महापात्रा तथा निर्माता सुबीर कुमार व यशवंत कुमार ने बताया कि फिल्म अगले महीने एक साथ 40 थियेटरों में प्रदर्शित होगी। इस फिल्म में अच्छी कहानी, संवाद, गीत-संगीत, एक्शन देकर लंबे समय बाद भोजपुरी फिल्मों के जरिए सामाजिक व पारिवारिक मूल्यों के महत्व को रेखांकित करने की शानदार कोशिश की गई हैं।
कलाकारों के लिए अवसर के द्वार खुलना बड़ी बात :
उन्होंने ने बताया कि बिहार सरकार की फिल्म प्रोत्साहन नीति से अब बिहार कलाकारों का बेस्ट डेस्टिनेशन बन रहा है। इसके तहत शूटिंग, लोकेशन और तकनीकी सुविधाओं के लिए काफी रियायतें मिलती हैं। नतीजतन बिहार में अब बॉलीवुड की फिल्मों का निर्माण होना और राज्य के कलाकारों के लिए अवसर के द्वार खुलना बहुत बड़ी बात है।
हर वर्ग और तबके को पसंद आएगी फिल्म :
उन्होंने कहा कि, “यह फिल्म मनोरंजन के साथ – साथ एक मजबूत सामाजिक पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म की कहानी, संवाद, और गीत–संगीत सब कुछ पूरी तरह से परिवार को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। ताकि परिवार के सभी पीढ़ी के लोग एक साथ साथ बैठ कर फिल्म देख सकें। इस फिल्म में रोमांच, रोमांस, कॉमेडी, ड्रामा सहित वह सब कुछ है, जिससे यह फिल्म हर वर्ग और हर तबके के दर्शकों को पसंद आएगी।”
कलाकारों व क्रिएटरों ने मचाया धमाल :
प्रमोशन सह लॉन्चिंग में समस्तीपुर जिले सहित वैशाली, बेगूसराय, खगड़िया, दरभंगा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर आदि जिलों से आएं सैकड़ों क्रियेटरों ने फिल्म के अभिनेता सुजीत सुगना व अभिनेत्री सह मॉडल सपना झा के साथ फिल्म के गाने बलम जी का कईला…पर रिल्स वीडियो बनाकर जमकर धमाल मचाया।
अपनी प्रस्तुतियों से लूटी महफिल :
मौके पर अभिनेता सुजीत सुगना,मॉडल सपना झा,कोमल रानी, रिंकू बवाली, प्रीति राज, रुद्र गिरी, मुन्ना मल्लिक आदि ने अपनी जानदार व शानदार प्रस्तुतियों से जन कर महफिल लूटी।