
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। मनरेगा का नाम बदल कर विबी जी राम जी किए जाने को लेकर कांग्रेस द्वारा जारी हंगामा और प्रदर्शन पर गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया और कहा कि विबी जी राम जी अधिनियम को लेकर कांग्रेस सफेद झूठ फैला रही है। एक निजी कार्यक्रम में समस्तीपुर पधारे गृह राज्य मंत्री ने चलते–चलते संवाददाताओं से कहा कि, “कांग्रेस का मतलब ही झूठ है और झूठ का मतलब कांग्रेस है। दोनों एक दूसरे के प्रतीक हैं।
कांग्रेस ने किया गांधी को अपमानित :
मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटा कर गांधी को अपमानित करने के आरोप पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता गांधी का अपमान तो उनके आदर्शों और विचारों का मजाक बनाकर कांग्रेस नेता करते रहे हैं, भाजपा ने तो उनका और उनके विचारों का सदैव सम्मान किया है।
कांग्रेस को राम के नाम से है दिक्कत :
मनरेगा का नाम कब बदला गया? विबी जी राम जी अधिनियम पूरी तरह से अलग अधिनियम है। मनरेगा से अलग और बेहतर कानून है ‘विबी जी राम जी।’ थोड़ा ठहर कर उन्होंने कहा कि, “विपक्ष को शायद भगवान राम के नाम से एलर्जी है। इसलिए योजना अच्छी होने के बावजूद इसके संक्षिप्त नाम में ‘राम’ शब्द होने से उन्हें दिक्कत हो रही है।
यह देश प्रभु श्री राम और माता सीता का, गांधी जी ने की थी राम राज की कल्पना :
उन्होंने कहा कि यह देश प्रभु श्री राम और माता सीता का है और यदि किसी योजना के नाम में ‘राम’ जुड़ा है तो यह गर्व की बात है। गांधी जी ने ग्राम स्वराज में राम राज की ही कल्पना की थी। इसी कल्पना को साकार करने के उद्देश्य से तो 2047 तक विकसित भारत निर्माण की दिशा में मजबूत पहल है वि बी जी राम जी अधिनियम।
विधान पार्षद ने किया स्वागत :
इसके पूर्व जिला भाजपा की ओर से श्री राय का शॉल, पाग आदि से भव्य स्वागत किया गया। इसी क्रम में विधान पार्षद डॉ तरुण कुमार ने उनका पुष्प गुच्छ से अभिनंदन किया।