
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 मोरवा। किसी वस्तु या उपकरण की फैक्ट्री के बारे में तो सुना ही होगा आपने, मगर चालक की फैक्ट्री वह भी बिहार पुलिस चालक सिपाही की फैक्ट्री कभी सुना क्या? नहीं न? मगर यह सच है। ऐसे ही एक कथित फैक्ट्री ‘स्काई वर्ल्ड’ का जिला परिवहन पदाधिकारी विवेक चंद्र पटेल ने खुलासा किया है।
परिवहन विभाग और पुलिस एक्शन मोड में :
मोरवा प्रखंड स्थित बनवीरा पंचायत में वर्षों से संचालित इस कथित फैक्ट्री स्काई वर्ल्ड ट्रेनिंग कैंप नमक ‘बिहार पुलिस चालक सिपाही प्रशिक्षण केन्द्र’ का पता लगते ही परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन तत्काल एक्शन मोड में आ गए।
दर्जनाधिक वाहन जब्त :
जी हां! प्रखंड के हलई थाना क्षेत्र अंतर्गत बनवीरा पंचायत में चल रहे फर्जी पुलिस चालक सिपाही प्रशिक्षण केंद्र ‘स्काई वर्ल्ड ट्रेनिंग कैंप’ के विरुद्ध हलई पुलिस ने कार्रवाई की और, जिला परिवहन पदाधिकारी के निर्देशानुसार हलई थानाध्यक्ष ने फर्जी प्रशिक्षण केंद्र पर छापामारी करते हुए दर्जनाधिक वाहनों को जप्त कर लिया।
प्रशिक्षुओं ने की थी शिकायत :
बताते चलें कि इस प्रशिक्षण केन्द्र में सरकारी नौकरी के लालच में सैकड़ों युवाओं ने नामांकन कराया था। मगर समुचित समय और प्रशिक्षण नहीं मिलने से नाखुश प्रशिक्षुओं ने स्थानीय थाना में स्काई वर्ल्ड के संचालक राजा यादव के खिलाफ इस आशय की शिकायत दर्ज कराई थी।
जांच में फर्जी निकला प्रशिक्षण केन्द्र :
थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने प्रशिक्षुओं की शिकायत पर छानबीन शुरू की तो पहली नजर में ही मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। उन्होंने इसकी जानकारी जिला परिवहन पदाधिकारी विवेक चंद्र पटेल को दी। मामले की जानकारी मिलते ही श्री पटेल जब वहां पहुंचे तो दंग रह गए। जांच के क्रम में प्रशिक्षण केंद्र फर्जी निकला।
संचालक फरार, प्राथमिकी का आदेश मिलने पर होगी कार्रवाई :
जिला परिवहन पदाधिकारी ने हलई थाना अध्यक्ष शैलेश कुमार को फर्जी प्रशिक्षण केंद्र पर प्रयुक्त किए जाने वाले वाहनों को तत्काल जप्त करने का आदेश दिया। थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि, “डीटीओ के आदेश पर सभी वाहन जब्त कर लिए गए हैं। उक्त फर्जी प्रशिक्षण केंद्र ‘स्काई वर्ल्ड ट्रेनिंग कैंप’ का संचालक ‘राजा यादव’ फरार है। प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिए जाने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।”