
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
रणधीर कुमार
ओईनी 24 दलसिंहसराय। “चार दिनों के भीतर भूमि सीमांकन (डिमार्केशन) की प्रक्रिया पूरी कर कार्य स्थलों पर स्पष्ट निशान लगाएं ताकि निर्माण कार्य को गति दी जा सके।”
32 नंबर रेलवे गुमटी पर बन रहे रोड ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण कार्य का जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा ने बुधवार को निरीक्षण करते हुए उक्त बातें कही।
निर्माण कार्य में लाएं तेजी :
इस क्रम में जिलाधिकारी ने आरओबी निर्माण की प्रगति का जायजा लिया और अप्रोच पथ निर्माण में हो रही विलंब पर नाराजगी जताई। उन्होंने पुल निर्माण निगम को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, साथ ही भू अर्जन से संबंधित मामलों को शीघ्र निपटाने पर बल दिया।
4 दिन के भीतर करें डिमार्केशन :
साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि “चार दिनों के भीतर भूमि सीमांकन (डिमार्केशन) की प्रक्रिया पूरी कर कार्य स्थलों पर स्पष्ट निशान लगाए जाएं ताकि निर्माण कार्य को गति दी जा सके।”
श्री कुशवाहा ने कहा कि, “5.5 मीटर चौड़ाई वाले अप्रोच पथ का निर्माण यातायात के दृष्टिकोण से अत्यंत आवश्यक है, जिससे शहर की भीड़ कम होगी और आवागमन अबाध रहेगा।”
भू स्वामियों ने की शिकायत :
इस दौरान कई भू-स्वामियों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर मुआवजे में देरी की शिकायत की। उन्होंने कहा कि, “भूमि का अधिग्रहण हुए काफी समय बीत चुका है, लेकिन अब तक उचित मुआवजा नहीं मिला है।”
भुगतान में पारदर्शिता जरूरी :
जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि, “सभी पात्र भू-स्वामियों को नियमों के अनुसार समान मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने एसडीओ को निर्देशित किया कि, “मुआवजा निर्धारण एवं भुगतान प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जाए ताकि किसी को भी भेदभाव की शिकायत न रहे।”
जाम से मिलेगी राहत :
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि, “आरओबी का निर्माण क्षेत्र के विकास की दृष्टि से प्राथमिकता वाला प्रोजेक्ट है। इसके पूरा होने से दलसिंहसराय शहर के अंदर और बाहर का संपर्क बेहतर होगा तथा रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी।”
“इसलिए प्रशासन निर्माण कार्य की प्रगति पर लगातार निगरानी रखेगा और देरी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब-तलब भी किया जाएगा।” इस दौरान पुल निर्माण निगम के कार्यपालक अभियंता भानु प्रताप सिंह, एसडीओ किशन कुमार, सीओ नेहा कुमारी सहित राजस्व विभाग के अमीन एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।