
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 कल्याणपुर। जिले के कल्याणपुर प्रखंड स्थित गोविंदपुर खजुरी पंचायत के महाबलीपुर गांव में बिहार कृषि विश्वविद्यालय, पटना के कृषि ज्ञान वाहन द्वारा कृषि विज्ञान केंद्र, बिरौली एवं नाबार्ड संपोषित औसेफा गोटरी फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में पशुधन स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस दौरान किसानों को वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन, रोग प्रबंधन तथा आय वर्धन के आधुनिक तरीकों से अवगत कराया गया।
ससमय टीकाकरण और स्वच्छता पर दिया जोर :
पशु चिकित्सा एवं पशुपालन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. रवि शंकर मंडल ने, गांठदार त्वचा रोग (लम्पी स्किन डिज़ीज) के रोकथाम एवं उपचार पर विस्तृत जानकारी देते हुए समय समय पर टीकाकरण, स्वच्छता, कीट नियंत्रण एवं संक्रमित पशुओं को अलग रखने पर विशेष जोर दिया।
ग्रामीण इलाकों में तिहरे आय का विश्वसनीय साधन ‘बकरी पालन’ :
वहीं, डॉ. मंडल ने बकरी पालन को कम लागत में सबसे अधिक लाभ देने वाला व्यवसाय बताते हुए बकरी पालन के वैज्ञानिक तरीके, नस्ल चयन, आवास व्यवस्था, चारा प्रबंधन एवं रोग नियंत्रण आदि पर प्रकाश डाला। इस क्रम में उन्होंने कहा कि, “ग्रामीण इलाकों में आय का सबसे भरोसेमंद साधन है बकरी पालन। बकरी का दूध सबसे महंगा बिकता है, एक स्वस्थ बकरी साल में दो बार तथा एक बार में 2 से 4 बच्चे को जन्म देती है।”
साथ ही उन्होंने कड़कनाथ मुर्गी पालन को ग्रामीण क्षेत्रों में अतिरिक्त आय का प्रभावी साधन बताया।
शीतकालीन पशु प्रबंधन और मिल्क फीवर की दी जानकारी :
इसके अतिरिक्त उन्होंने पशुओं में रोग निवारण के सामान्य उपाय, शीतकालीन पशु प्रबंधन, गाय एवं भैंस के लिए संतुलित आहार, मिल्क फीवर रोग की पहचान एवं रोकथाम तथा कृत्रिम गर्भाधान की विशेषताओं के बारे में किसानों को जानकारी दी।
4थे कृषि रोड मैप में कृषि ज्ञान वाहन का महत्व :
इस अवसर पर अमित कुमार सिंह ने चौथे कृषि रोडमैप के अंतर्गत कृषि ज्ञान वाहन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका लक्ष्य वैज्ञानिक तकनीक एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी सीधे किसानों तक पहुँचाना है। उन्होंने बिहार सरकार एवं भारत सरकार की कृषि एवं पशुपालन से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
किसान औसेफा और केवीके बिरौली के कर्मी थे मौजूद :
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया और विशेषज्ञों से संवाद कर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त किया। मौके पर अनमोल उपहार सेवा फाउंडेशन के परियोजना प्रबंधक प्रेरणा कुमारी, केवीके के टीए राजेश कुमार, एफपीओ के निदेशक सोनी कुमारी, चंचला देवी, वीणा कुमारी आदि थे।