
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 विद्यापतिनगर। “भक्त और भगवान की नगरी विद्यापति की पावन धरती पर तेरहवाँ विद्यापति राजकीय महोत्सव ऐतिहासिक होगा।”
महोत्सव की तैयारियों को लेकर एसडीएम किशन कुमार ने सोमवार को प्रखंड मुख्यालय स्थित पंचायत समिति सभागार में कार्यक्रम से संबंधित अधिकारियों, मंदिर समिति के सदस्यों एवं गणमान्य लोगों के साथ समीक्षात्मक बैठक के दौरान उक्त बातें कही।
तैयारियों को यथाशीघ्र अंतिम रूप देने का निर्देश :
एसडीएम की अध्यक्षता में संपन्न इस बैठक का संचालन जदयू प्रदेश सचिव धीरेंद्र कुमार सिंह ने किया। इस दौरान एसडीएम ने बिंदुवार समीक्षा उपरांत मैथिल कोकिल महाकवि विद्यापति की निर्वाण भूमि विद्यापतिधाम में आगामी 12 से 14 जनवरी तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय विद्यापति राजकीय महोत्सव की तैयारियों को यथाशीघ्र अंतिम रूप देने का निर्देश सभी प्रशासनिक महकमे को दिया।
की गयी तैयारियों पर विस्तृत चर्चा :
इस दौरान समारोह स्थल पर भव्य पंडाल, तोरण द्वार, साउंड सिस्टम, अतिथी आवासन, स्वच्छता, सुरक्षा, प्रमुखता से प्रचार-प्रसार, भव्य कार्यक्रम, कवि सम्मेलन का आयोजन, स्थानीय स्कूली छात्रों के द्वारा रंगोली, क्विज, भाषण आदि प्रतियोगिता का आयोजन कराने की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गयी।
कार्यक्रम का विवरण :
उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय समारोह में प्रथम दिन 12 जनवरी को महा कवि की श्रद्धांजलि सभा दूसरे दिन कवि सम्मेलन व तीसरे दिन स्कूली बच्चों के बीच विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। एसडीएम ने आयोजन को भव्यता प्रदान करने के लिए स्थानीय लोंगों से सहयोग का भी आह्वान किया।
शामिल होंगे नामचीन कलाकार, कवि और कई मंत्री :
साथ ही बताया कि महोत्सव के दौरान प्रसिद्ध कलाकारों के अलावे सूबे के जलसंसाधन व संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चैधरी, कला संस्कृति मंत्री, जिले के सभी सांसद, विधायक, विधान पार्षद, जिप अध्यक्ष आदि गणमान्य लोंगों को आमंत्रित किया जाएगा।
किया परिसर का निरीक्षण :
बैठक के पश्चात एसडीएम ने अधिकारियों के साथ समारोह स्थल विद्यापतिधाम परिसर का निरीक्षण किया। यहां मंदिर में हो रहे रंग-रोगन कार्य को जल्द पूरा करने को कहा, वही कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते हुए भव्य पंडाल निर्माण का आदेश दिया।
बैठक में बीडीओ राजीव शुक्ला, बीपीआरओ, थानाध्यक्ष सूरज कुमार, पूर्व मुखिया गणेश गिरी कवि, कैलाश पासवान, रत्न शंकर भारद्वाज, सतीश गिरी, संजय कुमार ठाकुर, प्रवीण गिरि, मुखिया विवेकानंद सिंह, संजीत सहनी, रामप्रवेश राय, उप प्रमुख रामलखन महतो, चंद्रप्रकाश लाल आदि मौजूद थे।