
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 गया जी। “उत्तराखंड की भाजपा सरकार में राज्य कैबिनेट मंत्री व महिला सशक्तिकरण और बाल विकास विभाग में मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू द्वारा दिया गया विवादित बयान कि “बिहार की लड़कियाँ 20–25 हज़ार रुपये में मिल जाती हैं।”
इस बयान को लेकर पूरे बिहार और देश भर के बिहार वासियों में तीव्र आक्रोश देखा जा रहा है।
डॉ दीपक ने जताया कड़ा विरोध :
इस मामले में आदर्श युवा मिशन ह्यूमन वेलफेयर,इंडिया के संस्था सह-राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं युवा समाज सुधारक डॉ. दीपक कुमार सिंह ने कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए इसे शर्मनाक, असंवैधानिक और महिला विरोधी मानसिकता का परिचायक करार दिया है।
बिहार और बिहार की बहन–बेटियों के स्वाभिमान पर हमला बर्दाश्त नहीं :
इस संदर्भ में बिहार एवं उत्तराखंड राज्य सरकार एवं केंद्र सरकार को लिखे पत्र में उन्होंने कहा है कि, “यह पूरे बिहार की बहन-बेटियों और बिहारवासियों के स्वाभिमान पर सीधा हमला है। इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।”
मानसिक दिवालियापन :
डॉ. सिंह ने कहा है कि, “बिहार वह धरती है जिसने विश्व को बुद्ध, महावीर, चाणक्य, आर्यभट्ट और नालंदा जैसी महान बौद्धिक परंपराएँ दी हैं। ऐसे गौरवशाली राज्य की महिलाओं के लिए मंत्री के पति द्वारा इस तरह की भाषा का प्रयोग न सिर्फ निंदनीय है, बल्कि मानसिक दिवालियापन को भी दर्शाता है।”
सिर्फ माफी काफी नहीं :
उन्होंने कहा कि, “यह न केवल अत्यंत आपत्तिजनक और अमर्यादित है, बल्कि घोर निंदनीय है। इस मामले में सिर्फ माफी या बयान से किनारा करना समाधान नहीं है और यह हमें मंजूर भी नहीं है।”
दी न्यायालय जाने की चेतावनी :
डॉ सिंह ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि, “यदि संबंधित सरकारों द्वारा इस मामले में शीघ्र और सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की जाती है, तो आदर्श युवा मिशन ह्यूमन वेलफेयर इंडिया मजबूर होकर न्यायालय का दरवाज़ा खटखटाएगा।”
उदाहरणात्मक दंड आवश्यक :
उन्होंने कहा कि, “ऐसे मामलों में उदाहरणात्मक दंड आवश्यक है, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति किसी राज्य, समाज या महिलाओं के लिए इस प्रकार की अपमानजनक और घृणित भाषा का प्रयोग करने से पहले सौ बार सोचने को विवश हो।”
की एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील :
आदर्श युवा मिशन ह्यूमन वेलफेयर इंडिया ने सभी सामाजिक संगठनों, युवाओं और जागरूक नागरिकों से महिलाओं के सम्मान, मानवीय मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर आवाज़ उठाने की अपील की है।