
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर। “वीबी जी राम जी योजना के अन्तर्गत 125 दिनों की रोजगार गारंटी से ज्यादा रोजगार मिलेगा। साथ ही बुवाई एवं कटाई के समय 60 दिनों तक वीबी जी राम जी क्रियाशील नहीं रहने से कृषि में मजदूरों की कमी नहीं होगी जिससे किसानों को राहत होगी।”
केवीके बिरौली के अध्यक्ष डॉ. आर.के. तिवारी ने वीबी जी राम जी योजना को लेकर आयोजित एक जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उक्त बातें कही।
उन्होंने कहा कि, “इस योजना में किसानों की जरूरत और उनकी सुविधा के साथ–साथ मजदूरों की चिंताओं का भी पूरा ध्यान रखा गया है।”
बताते चलें कि डॉ राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के अधीनस्थ कृषि विज्ञान केन्द्र, बिरौली द्वारा शनिवार को पंचायत भवन, दिघरा में ‘वीबी जी राम जी’ विषयक एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
उपसरपंच ने कहा सराहनीय कदम :
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पंचायत के उप सरपंच सुबोध कुमार शर्मा ने कहा कि, “बीवी-जी राम-जी सरकार के द्वारा उठाया गया सराहनीय कदम है।”
इस अवसर पर केवीके के उद्यानिकी विशेषज्ञ डॉ. धीरु कुमार तिवारी, विशेषज्ञ सुमित कुमार सिंह ने भी इस विधेयक से सम्बन्धित तकनीकी पहलुओं की जानकारी प्रदान की।
अन्य जन प्रतिनिधियों ने भी सराहा :
वहीं मौजूद जनप्रतिनिधियों ने कृषि के समय मजदूरों की उपलब्धता के लिए इस विधेयक की सराहना की साथ ही, कृषि में शामिल मजदूरों को इस योजना के द्वारा ही भुगतान करने को, इस नई योजना की विशेषता करार दिया।
किसान व गणमान्य लोग भी थे मौजूद :
मौके पर पंचायत के जनप्रतिनिधि नीरज कुमार, सुबोध कुमार, संजीत पाण्डेय सहित कई पंचायत प्रतिनिधि और प्रगतिशील किसानों के अलावा कई गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।