
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 पूसा। “सम्मान या शीर्ष स्थान हासिल करना बहुत मुश्किल कार्य नहीं है, हमेशा शीर्ष पर बने रहना और उसके अनुरूप शोध व अनुसंधान में विविधता, गुणवत्ता और विश्वसनीयता कायम रखना बड़ी चुनौती होती है।”
कृषि अनुसंधान व ज्ञान की जननी पूसा स्थित डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय परिसर में नव वर्ष के अवसर पर आयोजित मिलन समारोह में कुलपति डॉ. पीएस पाण्डेय ने उक्त बातें कही।
विश्वविद्यालय राष्ट्रीय स्तर पर छोड़ी अमिट छाप :
उन्होंने कहा कि, “हालिया वर्षों में विश्वविद्यालय ने विभिन्न क्षेत्रों तीव्र गति से प्रगति किया है। आप सभी की प्रतिबद्धता और एकनिष्ठ समर्पित प्रयासों, नवाचारी क्रिया–कलापों एवं कृषि उपयोगी शोध व अनुसंधानों से विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय स्तर पर अमिट छाप छोड़ी है।”
नव वर्ष पर मिलन समारोह का हुआ आयोजन :
बताते चलें कि, डॉ राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के परिसर में पहली बार नव वर्ष के अवसर पर मिलन समारोह का आयोजन किया गया।
इस दौरान कुलपति डॉ पांडेय ने उपस्थित अधिष्ठाता, निदेशक व कर्मचारियों को बीते सालों में दर्जन भर उत्पादों के पेटेंट और कई उत्पादों के जियो टैग मिलने, शत–प्रतिशत प्लेसमेंट सहित विश्वविद्यालय की विभिन्न उपलब्धियों के लिए बधाई सहित शुभकामनायें दी।
वीसी ने और क्या कहा :
कुलपति ने आगे कहा कि, “आने वाले वर्षों में ये उपलब्धियां हमें ऊर्जान्वित करेंगी, अधिक बेहतर करने केलिए प्रेरित करेंगी और एक बार फिर हम सभी के समेकित प्रयास से विश्वविद्यालय को गति मिलेगी, जिससे विश्वविद्यालय विश्व पटल पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करने में सफल होगा।”
मौके पर उपस्थित अधिष्ठाता, निदेशक व प्राध्यापकों ने भी कुलपति को बधाई देते हुए नए प्रतिमान गढ़ने का संकल्प लिया।