
ओईनी न्यूज नेटवर्क।
Oini 24 समस्तीपुर । कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं सहकारिता जगत की ईमानदार और प्रतिष्ठित विभूति डॉ० रामउदार चैधरी जी का मंगलवार की शाम दुःखद निधन हो गया। उनके निधन से न केवल कांग्रेस परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र एवं सहकारिता आंदोलन को अपूरणीय क्षति पहुँची है।
दी गई ससम्मान अंतिम विदाई :
डाॅ चैघरी के निधन की खबर सुनते ही बुधवार को जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष मो० अबू तमीम के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल उनके आवास पर पहुँचा स्व० डॉ० रामउदार चैधरी जी के पार्थिव शरीर पर कांग्रेस पार्टी का झंडा लपेटकर उन्हें ससम्मान अंतिम विदाई दी।
शोक सभा आयोजित :
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष मो तमीम की अध्यक्षता में एक शोकसभा का आयोजन किया गया। जिसे संबोधित करते हुए मो० तमीम ने कहा कि, “स्मृति शेष डॉ० चैधरी पाँच बार समस्तीपुर जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष रहे। वर्तमान में वे सहकारी बैंक के निदेशक थे। सहकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं ईमानदार योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर उन्हें कृषक भारतीय कोऑपरेटिव, नई दिल्ली द्वारा सम्मानित किया गया था।
साथ ही वे कांग्रेस के मजबूत सिपाही थे। उनके निधन से कांग्रेस पार्टी के साथ-साथ सहकारिता को भी असहनीय झटका लगा है। इससे उबरना लगभग नामुमकिन है।”
वहीं बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के पूर्व महासचिव राम कलेवर प्रसाद सिंह ने कहा कि, “डॉ रामउदार चैधरी जी का संपूर्ण जीवन जनसेवा, सहकारिता और कांग्रेस विचारधारा को मजबूत करने में समर्पित रहा। उनका निधन सहकारिता आंदोलन के लिए एक युग का अंत है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है।”
अंत में उपस्थित कांग्रेसजनों एवं स्थानीय नागरिकों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। शोक व्यक्त करने वालों में जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष सत्य नारायण सिंह, महासचिव मुकेश कुमार चैधरी, ठाकुर मनोज भारद्वाज, फैज अहमद फैज, चन्द्र शेखर झा, वीरेंद्र कुमार झा, आदि लोग मौजूद थें।
विभिन्न प्रखण्डों में शोक की लहर :
वयोवृद्ध कांग्रेस नेता एवं उजियारपुर के पतेली निवासी राम उद्गार चैधरी के निधन की खबर मिलते ही विद्यापतिनगर कांग्रेस कमिटी में शोक की लहर दौड़ गई। खबर मिलते ही कांग्रेस नेता चतुर्भुज प्रसाद सिंह, गिरीश कुमार चैधरी, प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष मो इलियास, पूर्व अध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह, शीलवंत सिंह, कमलू राय आदि ने गहरा शोक जताते हुए कहा कि उनके निधन से पार्टी को अपूर्णीय क्षति हुई है। जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है।
वहीं विभूतिपुर प्रखंड के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के द्वारा शोक सभा का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष कपिलेश्वर कुंवर ने किया। इस मौके पर समाज की सहकारिता बैंक के मजबूत स्तंभ, कांग्रेस नेता दिवंगत राम उदगार चैधरी के निधन पर संवेदना प्रकट करते हुए उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मौके पर संजीव ठाकुर, धर्मेश चैधरी, फुलेश्वर महतो, अजीत सिंह, रणधीर कुमार, कमल किशोर, चंद्रभूषण सिंह, भोला प्रसाद, दिवाकर झा, लक्ष्मी पासवान, ओमप्रकाश पासवान, कैलाश राम सहित अन्य लोग उपस्थित थे।